राजनांदगांव

चैतन्य की गिरफ्तारी के विरोध में चक्काजाम पर कांग्रेस की बनी रणनीति
20-Jul-2025 3:51 PM
चैतन्य की गिरफ्तारी के विरोध में  चक्काजाम पर कांग्रेस की बनी रणनीति

22 को समूचे जिले में कांग्रेस करेगी जंगी प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 20 जुलाई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सुपुत्र चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने सडक़ में उतरकर विरोध करने की रणनीति के तहत रविवार को स्थानीय सतनाम भवन में बैठक  आयोजित की। बैठक में चक्काजाम को व्यापक रूप से सफल बनाने पर चर्चा की गई।

 

22 जुलाई को कांग्रेस प्रांतव्यापी चक्काजाम के तहत जिले में आर्थिक नाकेबंदी करेगी। नेशनल हाईवे में कांग्रेस चक्काजाम करेगी। इसके अलावा जिले के ब्लॉकों में स्थानीय कांग्रेसियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व सीएम के बेटे चैतन्य को ईडी ने पिछले दिनों गिरफ्तार किया है। इस घटना का कांग्रेस हर स्तर पर विरोध कर रही है।  इसके अलावा कांग्रेस मोहड़ रेत और गोलीकांड के अलावा जिलेभर में बढ़े शराबखोरी और आपराधिक घटनाओं को लेकर भी प्रदर्शन करेगी। चक्काजाम के चलते नेशनल हाईवे घंटों बाधित रह सकता है। इस बीच पुलिस ने भी सुरक्षा के बंदोबस्त करने को लेकर तैयारी कर रही है।

 बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबडा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षद्वय सूर्यकांत जैन व आसिफ अली समेत अमित चंद्रवंशी, जितेन्द्र मुदलियार,  रूपेश दुबे, श्रीकिशन खंडेलवाल, महेन्द्र यादव,  अशोक फडनवीस,  शकील रिजवी,  बृजेश शर्मा, सुजीत बघेल, मनीष गौतम, नरेश शर्मा, विवेक वासनिक, प्रज्ञा गुप्ता, कमलजीत सिंह पिंटू,  इकरामुद्दीन सोलंकी, राजू खान, अब्बास खान, मनीष साहू समेत अन्य कांग्रेसी शामिल थे।


अन्य पोस्ट