राजनांदगांव

कांग्रेस पार्टी लाख हल्ला बोले, लेकिन शराब घोटाले में इंसाफ होकर रहेगा - अशोक चौधरी
19-Jul-2025 3:13 PM
कांग्रेस पार्टी लाख हल्ला बोले, लेकिन शराब घोटाले में इंसाफ  होकर रहेगा - अशोक चौधरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 19 जुलाई। भाजपा नेता अशोक चौधरी ने कांग्रेस के ईडी के खिलाफ हल्ला बोल को हास्यास्पद और कांग्रेस द्वारा भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाला बताया है।

श्री चौधरी ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार में अनेक घोटाले हुए। जिसमें  अनवर ढेबर, पूर्व आबकारी मंत्री लखमा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल का सीधा हाथ होना साबित हो चुका है। उनके घरों में छापेमारी पर नकली होलोग्राम का मिलना इस बात का पुख्ता गवाह है। ईडी की कार्रवाई भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और भ्रष्ट आचरण वालों को उनके अंजाम तक पहुंचने वाला है। कांग्रेस पार्टी के आमजन यह भली-भांति जानते हैं कि शराब घोटाला तो हुआ है। यदि शराब घोटाला मनगढ़ंत होता तो अनवर ढेबर और पूर्व आबकारी मंत्री लखमा 6 महीने से ज्यादा से जेल में नहीं होते और लोअर कोर्ट, हाईकोर्ट द्वारा उनकी जमानत को खारिज नहीं की जाती। इनके साथ अब चैतन्य बघेल का भी जेल जाने की बारी है।

कांग्रेस पार्टी प्रारंभ से ही भ्रष्टाचार करते रही है। कई गलत कार्यों के चलते इनका शीर्ष नेतृत्व भी कई मामलों में जमानत पर है, उन्हें भी सजा होना निश्चित है। कांग्रेस पार्टी लाख हल्ला बोले, लेकिन शराब घोटाले में इंसाफ  होकर रहेगा। ईडी द्वारा शराब घोटाले में 205 करोड़ की संपत्ति ईडी ने जब्त कर अटैच किया हुआ है। उसके बावजूद कांग्रेस का हल्ला करना उसकी बेशर्मी को बताता है।


अन्य पोस्ट