राजनांदगांव

विजेता हॉकी खिलाडिय़ों का स्वागत
10-Jul-2025 3:40 PM
विजेता हॉकी खिलाडिय़ों का स्वागत

बी डिवीजन चैम्पियन बनकर लौटीं छत्तीसगढ़ की बेटियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनंादगांव, 10 जुलाई। 15वीं हॉकी इंडिया सब-जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 में बी डिवीजन की चैंपियन बनकर लौटी छत्तीसगढ़ की बेटियों का राजनांदगांव रेलवे स्टेशन में भव्य स्वागत किया गया। यह स्वागत छत्तीसगढ़ हॉकी एवं जिला हॉकी संघ राजनांदगांव द्वारा छत्तीसगढ़ हॉकी एवं जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के अध्यक्ष फिरोज अंसारी के नेतृत्व तथा जिला हॉकी संघ के सह-सचिव प्रिंस भाटिया और महेंद्र सिंह ठाकुर की प्रमुख उपस्थिति में किया गया।

यह प्रतिष्ठित चैम्पियनशिप हॉकी झारखंड द्वारा हॉकी इंडिया के तत्वावधान में 3 जुलाई से झारखंड की राजधानी रांची स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ  हॉकी स्टेडियम में आयोजित की गई थी। इस प्रतियोगिता में देशभर की 28 शीर्ष टीमें शामिल थी।

फिरोज अंसारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ की सब-जूनियर बालिका टीम अपने पूल में सभी मैच जीतकर बी डिवीजन विजेता बनी और ए डिवीजन में क्वालीफाई होने का गौरव प्राप्त किया। टीम ने गुजरात को 8-2, तमिलनाडु को 2-1 और वेस्ट बंगाल को 5-0 से हराते हुए अपराजेय रहते हुए तीनों मैच जीतकर रिकॉर्ड हैट्रिक बनाई। साथ ही यह टीम बी डिवीजन की सबसे कम गोल खाने और सर्वाधिक गोल करने वाली टीम भी रही।

 

इस उपलब्धि में खिलाडिय़ों की मेहनत और अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और मुख्य कोच मृणाल चौबे,  सहायक कोच दीपेश चौबे एवं टीम मैनेजर सुप्रिया तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी मैचों में प्लेयर ऑफ  द मैच पुरस्कार भी छत्तीसगढ़ की खिलाडिय़ों ने ही प्राप्त किया, जो प्रदेश की प्रतिभा और अनुशासन का परिचायक है। श्री अंसारी ने बताया कि इस चैम्पियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडिय़ों को हॉकी इंडिया के सेलेक्टर द्वारा चयनित कर भविष्य में अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा।

राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर जिला हॉकी संघ के पदाधिकारी  सहित अन्य वरिष्ठ खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे और खिलाडिय़ों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दी।

 प्रतिनिधित्व करने वाले विजेता खिलाड़ी

विजेता खिलाड़ी के रूप में गोलकीपर नौरीन हयात, विशाखा, डिफेंडर केसर साहू, अंजलि एक्का, जिज्ञासा कश्यप, मिड फील्डर  सुधा साहू, श्यामली राय, सरिता मौर्य, स्मिता कुजूर, सोनाक्षी यादव, अजमत प्रवीन, स्ट्राइकर  ट्विंकल प्रजा, दुबी रावत, मनप्रीत कौर, काव्या सिंह ठाकुर, रश्मि निषाद, संजना, रिया खालको, मुख्य कोच मृणाल चौबे, सहायक कोच दीपेश चौबे व टीम मैनेजर सुप्रिया तिग्गा शामिल रही।


अन्य पोस्ट