राजनांदगांव

जनगणना : प्रारंभिक तैयारी के लिए प्रशिक्षण
03-Mar-2026 5:32 PM
जनगणना : प्रारंभिक तैयारी के लिए प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 3 मार्च। भारत की जनगणना 2026-27 के लिए मकान सूचीकरण कार्य शासन के निर्देशानुसार अपै्रल से सितंबर 2026 के मध्य निर्धारित 30 दिनों की अवधि में संचालित किया जाना प्रस्तावित है। निर्देशानुसार राज्य शासन द्वारा मकान सूचीकरण कार्य संपादित करने 1 मई से 30 मई 2026 तक निर्धारित किया गया है। जनगणना संबंधी दिशा-निर्देश के परिपालन तथा प्रारंभिक तैयारी व मकान सूचीकरण के लिए नगर निगम टाउन हाल में नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा की उपस्थिति में निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को भवन नंबरिंग कार्य के लिए प्रशिक्षण दिया गया।

भवन नंबरिंग के क्रियान्वयन के लिए अधिकारी-कर्मचारियों को  जिला मास्टर ट्रेनर दीपक ठाकुर द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में जानकारी दी गई कि जनगणना कार्य में सर्व प्रथम मकान सूचीकरण एवं मकान नम्बरिंग कार्य किया जाएगा। जिसके  लिए प्रत्येक वार्ड के भवन/मकानों को क्रमश: नंबर दिया जाएगा।

 जिसके आधार पर जनगणना ब्लॉको का निर्धारण किया जाएगा। यह कार्य वार्ड के प्रभारी उप अभियंताओं के मार्गदर्शन में किया जाना है। इस संबंध में शासन के नियमों की जानकारी दी गई।

आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने प्रशिक्षण में कहा कि शासन द्वारा जनगणना 2026-27 का कार्य किया जाना है।  जिसके लिए प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जनगणना कार्य बहुत महत्वपूर्ण कार्य है। इसमेें किसी प्रकार की कोताही नहीं करना है। शासन के निर्देशानुसार चरणबद्ध निर्धारित कार्यक्रम अनुसार कार्य संपादित करना है। प्रशिक्षण में प्र. कार्यपालन अभियंता  प्रणय मेश्राम, राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी, प्र. सहायक अभियंता गरिमा वर्मा व सुषमा साहू, प्र. स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा सहित अभियंतागण एवं निगम के कर्मचारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट