राजनांदगांव
अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 मार्च। खैरागढ़ जिले के गहिरा-गोपालपुर के ग्राम पटेल की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने कोटवार को आरोपी ठहराया है। घटना 27 फरवरी की है। इस अंधेकत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वाड एवं एफएसएल के अलावा अन्य तकनीकी जांच के आधार पर कोटवार को आरोपी माना है।
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम पटेल लेडगूराम वर्मा की 26-27 फरवरी की दरम्यानी रात को हत्या की घटना सामने आई। पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने के लिए गांव के आसपास एवं अन्य संपर्कों के जरिये आरोपी की खोजबीन शुरू की। जिसमें पुलिस को एक व्यक्ति बिरेन्द्र वर्मा पर शक हुआ। पुलिस ने उसके बयान के आधार पर मामले की तफ्तीश की, तब यह बात सामने आई कि मृतक रोज आरोपी के घर टीवी देखने आते-जाते रहता था और जब भी आरोपी को देखता तो खेती-किसानी के काम को लेकर अनाप-शनाप बात करता था।
इसके अलावा आरोपी को मृतक पर घर की महिलाओं को गंदी नजर से देखने का भी चिढ़ था। इस तरह इन तमाम रंजिश को लेकर आरोपी ने 26 फरवरी की रात लगभग 11 बजे मृतक के घर गया और सोते वक्त टंगिया से उस पर कई वार कर दिया। इसके अलावा गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए चोरी होने जैसा परिस्थिति निर्मित किया और उसके बाद पिछले खिडक़ी को तोडक़र उसने घर के अंदर के आलमारी को क्षतिग्रस्त किया। इस तरह आरोपी ने रंजिश पालते हुए घटना को अंजाम दिया। खैरागढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


