राजनांदगांव

बाढ़ नियंत्रण के लिए टीम गठित
03-Jul-2025 4:09 PM
बाढ़ नियंत्रण के लिए टीम गठित

 24 घंटे अमला रहेगा तैनात, कंट्रोल रूम टांकाघर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनंादगांव, 3 जुलाई।
नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने शहर में अतिवृष्टि एवं बाढ़ नियंत्रण के लिए निगम अधिकारी-कर्मचारियों को विभिन्न दायित्व सौंपा है। आयुक्त ने उक्त नियंत्रण कार्य के लिए तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई है और निगम का अमला अतिवृष्टि एवं बाढ़ नियंत्रण के लिए 24 घंटे रोकथाम के उपाय, पानी भराव को रोकने सहित प्रभावितो के आवास की व्यवस्था का कार्य करेगा।

आयुक्त विश्वकर्मा ने बताया कि शहर में अतिवृष्टि एवं बाढ़ नियंत्रण के लिए कार्यपालन अभियंता संजय वर्मा को नोडल अधिकारी वार्ड नं. 1 से 30 तक व कार्यपालन अभियंता दीपक खाण्डे वार्ड नं. 31 से 51 तक एवं सहायक अभियंता प्रणय मेश्राम को सहायक नोडल अधिकारी बनाया है तथा सफाई के लिए  प्र.स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा को प्रभारी बनाया गया है, इनके सहयोगी का दायित्व स्वच्छता निरीक्षक  दीपक श्रीवास्तव को सौंपा गया है। इसके अलावा उप अभियंता ज्योति साहू, सुषमा साहू, पिंकी खाती, आयुषी सिंह, रोमाली शेण्डे, तिलक राज ध्रुव,  मोनेन्द्र साठिया, अशोक देवांगन व डागेश्वर कर्ष को शिफ्ट प्रभारी बनाया गया है, इनके सहयोगी के लिए कर्मचारियों को भी दायित्व सौंपा गया है, जो तीनों शिफ्ट में सुबह 8 से शाम 4 बजे तक, शाम 4 से रात्रि 12 बजे तक व रात्रि 12 से सुबह 8 बजे तक कार्य करेंगे।

 

आयुक्त विश्वकर्मा ने बताया कि वर्षा ऋतु में पानी भरने वाले स्थानों की सूची बनाने तथा रोकथाम के उपाय एवं सुझाव के लिए प्र.स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा व स्वच्छता निरीक्षक दीपक श्रीवास्तव को जवाबदारी दी गई है। वहीं लेबर व्यवस्था व रेत की बोरियों की व्यवस्था का दायित्व उप अभियंता डागेश्वर कर्ष व युगराज कोमरे व मोहारा फिल्टर प्लांट के लक्ष्मीकांत देवांगन को सौंपा गया है। इसी प्रकार रैनकोट ,गैती, फावड़ा तगाड़ी आदि की व्यवस्था करने समयपाल चिराग मेश्राम एवं विद्युत व्यवस्था के लिए सहायक अभियंता प्रणय मेश्राम को निर्देश दिए गए हैं।  आकस्मिक वाहन व्यवस्था हेतु मोटर विभाग के सुरेन्द्र साव व स्कूल में ठहरने की व्यवस्था के लिए राजस्व निरीक्षक हितेश ठाकुर एवं राजस्व उप निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने बताया कि टांकाघर के मोटर प्रतिपालन विभाग को बाढ़ नियंत्रण हेतु कंट्रोल रूम बनाया गया है और इसमें मो. नं. 92433 01408 में शहर में अतिवृष्टि एवं बाढ़ नियंत्रण के लिए भी सूचना दी जा सकेगी। कंट्रोल रूम का प्रभारी समयपाल  चिराग मेश्राम को बनाया गया है।


अन्य पोस्ट