राजनांदगांव

आश्रम की आड़ में गांजा तस्करी डोंगरगढ़ में योग गुरू गिरफ्तार
26-Jun-2025 3:12 PM
आश्रम की आड़ में गांजा तस्करी  डोंगरगढ़ में योग गुरू गिरफ्तार

प्रज्ञागिरी पहाड़ में बने आश्रम का योगी गोवा में रहा 20 साल, विदेशियों को दी योग शिक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 26 जून। डोंगरगढ़ के प्रज्ञागिरी पहाड़ के पीछे एक आश्रम में पुलिस ने एक छापामार कार्रवाई में गांजा की खेप बरामद कर कथित योग गुरू को गिरफ्तार किया। पुलिस को शक है कि गांजा तस्करी के लिए आश्रम को गुरू ने ठिकाना बनाया है। पुलिस बाबा से पूछताछ कर रही है।

पुलिस को कई चौंकाने वाली जानकारियां भी मिली है। बाबा का पूरा नाम कांति अग्रवाल है। वह डोंगरगढ़ का ही रहने वाला है।  बाबा की पृष्ठभूमि में विदेशी सैलानियों से भी मेल-मुलाकात की जानकारी मिली है। विदेशियों के साथ बाबा की कुछ तस्वीरें हाथ लगी है। एक जानकारी के मुताबिक 20 साल पहले कांति बाबा डोंगरगढ़ छोडक़र रायगढ़ चला गया, जहां एक आश्रम से वह जुड़ गया। बाद में वह गोवा चला गया।

पुलिस के मुताबिक गोवा में वह एक आश्रम में  रहते हुए खुद का कांति बाबा के रूप में  नामकरण कर लिया। पुलिस के मुताबिक कांति का पूरा नाम सोनू अग्रवाल है। इस बीच वह गोवा में रहते हुए कांतिबाबा ने कई रिसोर्ट को किराये में लेकर आश्रम के रूप में चलाया। बाद में उसके गोवा के स्थानीय लोगों के अलावा विदेशी सैलानियों से भी योग सिखाने के नाम पर संपर्क बढ़ा। धीरे-धीरे उसके अनुयायी के रूप में लोग जुड़ते गए।

 

इस बीच सोनू उर्फ कांति बाबा ने प्रज्ञागिरी पहाड़ी के पीछे 42 एकड़ जमीन की खरीदी की। बताया जा रहा है कि 6 करोड़ की लागत से जमीन की खरीदी कर आश्रम बनाने की तैयारी की। आश्रम तैयार करते हुए बाबा ने गांजा डंप करना शुरू किया। गांजा की बिक्री की भनक पुलिस को लग गई। पुलिस ने लंबे समय तक आश्रम पर नजर रखी। इसके बाद पुलिस ने पुख्ता जानकारी के आधार पर आश्रम में धावा बोला। पुलिस को आश्रम से 2 किलो गांजा मिला। विदेशियों तक गांजा  सप्लाई करने के पीछे बाबा की भूमिका भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने आश्रम में कुछ अन्य अनैतिक गतिविधियों का भी खुलासा किया है। पूछताछ के लिए पुलिस ने पहले बाबा को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि बाबा ने खुद को दर्जनभर एनजीओ का डायरेक्टर भी बताया है। साथ ही वह 100 देशों की यात्रा करने का दावा भी कर रहा है। पुलिस कई मामलों में जानकारी जुटा रही है। बाबा को फिलहाल जेल भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट