राजनांदगांव
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जगह-जगह आयोजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर निरोग रहने के संदेश के साथ राजनीतिक और गैर राजनीतिक वर्ग के अलावा आम लोगों ने भी योग के अलग-अलग आसन किए। किसी ने प्राणयाम के विभिन्न मुद्राएं की तो किसी ने सूर्य नमस्कार से पसीने बहाए। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आज सुबह स्थानीय दिग्विजय स्टेडियम में सामुहिक योग का जिला स्तरीय आयोजन किया गया। इसके अलावा विभिन्न संस्थाओं में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लोगों ने योग आसन का अभ्यास किया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दिग्विजय स्टेडियम में राजनीतिक दल, अधिकारीगण एवं आम नागरिकों ने योग के आसन का अभ्यास किया। तंदुरूस्त बने रहने के लिए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शनिवार को योग कर सैकड़ों लोगों ने जमकर पसीना बहाया। जिले में योग दिवस पर दर्जनों कार्यक्रम हुए। लोगों में योग के प्रति जागरूकता लाने वैश्विक स्तर पर 21 जून को योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। योग दिवस से करीब एक सप्ताह पूर्व योगाभ्यास का दौर भी चला। स्थानीय दिग्विजय स्टेडियम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों समेत अन्य लोगों ने भी योग किया। योग कार्यक्रम के दौरान योग गुरूओं ने कई मुद्राओं का प्रदर्शन किया। योग गुरूओं के बताए आधार पर लोगों ने भी हरकत की। योग के तरीकों को लेकर ज्यादातर लोग अनजान थे। तय समय के मुताबिक सुबह कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। सूर्य नमस्कार, प्राणायम, शीर्षासन के अलावा अन्य योग कराए गए।
प्रशिक्षकों ने बताया कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए नहीं है, अपितु इसका सीधा संबंध मन की प्रसन्नता से है। योग प्रशिक्षक ने योग का अर्थ बताते कहा कि योग के लिए सबसे प्रचलित सूत्र वाक्य है। योग चित्त वृत्ति निरोध अर्थात योग मन के अवरोधों को दूर करता है और मन को शांति प्रदान करता है। इस मौके पर साधकों को योग के फायदे के संबंध में बताया गया। योग सेशन एक घंटे चला और इस दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई। नागरिकों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं योग करेंगे एवं योग के लाभों के संबंध में अन्य लोगों को भी स्वास्थ्य का उद्देश्य भी हासिल हो सके।
विश्व के 170 देशों में योग लागू
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त महाधिवेशन से विश्व में योग के लिए आव्हान किया।
आज विश्व के 170 देशों में योग लागू किया गया है। योग भारत के सनातन एवं प्राचीन संस्कृति की अमूल्य देन है। यह तन एवं मन को स्वस्थ रखते आनंदित जीवन जीने एक महत्वपूर्ण अभ्यास है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निरोगी एवं स्वस्थ रहने के लिए आव्हान किया। उन्होंने कहा कि योग करने से आयु बढ़ती है। उन्होंने सभी से कहा कि योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करें। इस अवसर पर सभी ने योग को अपनाने की शपथ ली। इस अवसर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत दुर्ग शहर विधायक गजेन्द्र यादव ने दिग्विजय स्टेडियम परिसर में पौधरोपण किया गया। इसके साथ ही अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया।
स्वयंसेवी संस्थाओं की रही सहभागिता
आयुष विभाग राजनांदगांव की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी नागरिकों को रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले स्वास्थ्यवर्धक काढ़ा का वितरण किया गया। इस दौरान अंकुरित मंूग, चना, मूंगफल्ली एवं केला का नाश्ता दिया गया।
कार्यक्रम में पतंजलि, उदयाचल एवं अन्य स्वयं सेवी संस्थाओं की भी सहभागिता रही।
इस अवसर पर महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल नीलू शर्मा, अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित सचिन बघेल, पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, पूर्व विधायक रामजी भारती, खूबचंद पारख, कोमल सिंह राजपूत, संतोष अग्रवाल, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा, एसडीएम राजनांदगांव खेमलाल वर्मा सहित अन्य पार्षद, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में बच्चे, खिलाड़ी, नागरिकगण उपस्थित थे।


