राजनांदगांव

देश को समृद्धि और खुशहाली की ओर किया अग्रसर-कोमल
19-Jun-2025 8:02 PM
देश को समृद्धि और खुशहाली  की ओर किया अग्रसर-कोमल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 19 जून। भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तर मंडल द्वारा चिखली स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित संगोष्ठी में अपने उदगार व्यक्त करते कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्ष का कार्यकाल अनेक मायनों में ऐतिहासिक रहा है।

उनके दूरदर्शिता पूर्ण नेतृत्व में देश ने समावेशी विकास, समृद्धि और खुशहाली के नए दौर में कदम रखा है। मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का हर दिन अंत्योदय की साधना को समर्पित रहा है। सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ समाज के सभी वर्ग विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उनके कार्यकाल में देश और दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा है। छत्तीसगढ़ ने डबल इंजन की सरकार में चौतरफा विकास के नए आयाम गढ़े हैं।

भाजपा किसान नेता अशोक चौधरी ने कहा कि 5 लाख 62 हजार भूमिहीन किसानों को भी हर साल 10-10 हजार रुपए की राशि हमारी राज्य सरकार दे रही है। किसानों के खाते में अब तक एक लाख करोड़ रुपए की राशि प्रेषित कर चुके हैं। डेढ़ साल पहले छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में मोदी ने महतारी वंदन योजना के रूप में हर महीने एक-एक हजार रुपए माताओं-बहनों को देने की गारंटी दी थी।

हमने यह वादा तीसरे महीने ही पूरा कर दिया और करीब 70 लाख माताओं-बहनों को हर महीने यह राशि दे रहे हैं।

 

महापौर मधुसूदन यादव ने बताया कि आंतरिक सुरक्षा की सबसे बड़ी चुनौती माओवादी आतंक के खात्मे का मोदी और अमित शाह का संकल्प भी सिद्ध हो रहा है। पूर्व मंडल अध्यक्ष तरुण लहरवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अब तक का कार्यकाल सेवाए सुशासन और गरीब कल्याण के अनुष्ठान की तरह है। कार्यक्रम का स्वागत प्रतिवेदन और आभार प्रदर्शन मंडल अध्यक्ष सुमित भाटिया ने दिया। इस अवसर पर पारस वर्मा, सावन वर्मा, शिव वर्मा, कन्हैया लाल साहू, श्रुति जैन, तृप्ति पात्रे, अपूर्वा श्रीवास्तव, प्रियंका कुरनजेकर, रेखा पारख, मनोहर यादव, कमलेश बन्दे समेत अन्य लोग शामिल थे।


अन्य पोस्ट