राजनांदगांव

मानसूनी बादल छाने से मौसम बदला, तेज बारिश की संभावना
17-Jun-2025 3:57 PM
मानसूनी बादल छाने से मौसम बदला, तेज बारिश की संभावना

पखवाड़ेभर बाद बस्तर में अटका मानसून की जिले में आमद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 17 जून। पखवाड़ेभर बाद मानसून की आखिरकार लंब इंतजार के बाद जिले में आमद हो गई। मानसूनी बादल के छाते ही मौसम का मिजाज बदल गया। गर्मी से उबल रहे लोगों के लिए मंगलवार का दिन सुकुनभरा रहा।

आसमान में छाये काले बादलों से मूसलाधार बारिश की संभावना बढ़ गई है। बादल छाते ही तापमान नीचे चला गया। इससे पहले प्री-मानसून के रूप में मई के आखिरी सप्ताह में बादल बरसे थे। एकाएक मानसून की चाल में ब्रेक लग गया। ऐसे में तेज धूप ने लोगों की जमकर खबर ली। पसीने से लथपथ लोगों को बारिश की बूंदे पडऩे का लोगों को बेसब्री से इंतजार था। मानसून ने जिले में आमद देने से पहले लोगों की कड़ी परीक्षा ली। इस साल मौसम विभाग ने सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना जाहिर की है।

मानसून के छींटे फुहारे के तौर पर पड़ते ही खेतीहर मजदूरों का वक्त खेतों में बीतने लगा था। किसानों को तेज बरसात की उम्मीद थी। मानसून सीजन में पूरे चार माह अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मानसून के सक्रिय होते ही किसानों ने भी खेतों को दुरूस्त करने के बाद जुताई का काम शुरू कर दिया। जुताई के बाद बारिश को लेकर किसानों का इंतजार लंबा हो रहा था। इस बीच मानसून ने अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है।

मंगलवार सुबह से आसमान में काले बादलों के डेरे अच्छी बारिश की उम्मीद जग गई है। किसानों को इस साल अच्छी फसल होने की आस है। बशर्तें मानसून का किसानों को पूरा साथ मिले। बादल छाते ही ठंडी हवाएं चलने से मौसम खुशगवार हो गया। पिछले 15 दिनों से मानसून बस्तर के इर्द-गिर्द मंडराता रहा। रफ्तार बढ़ते ही मानसून जिले में पहुंच गया। पहली बारिश का लोगों को बेसब्री से इंतजार है। मानसूनी फुहार पडऩे से पारा तेजी से लुढक़ता नजर आ रहा है। ठंडी हवाओं के कारण पारा आज सामान्य से 4 डिग्री नीचे चला गया। जून का पहला पखवाड़ा भीषण गर्मी के चपेटे में रहा। उमस से लोगों के चेहरे लाल हो गए। वहीं गर्मी ने लोगों को उबलने के लिए मजबूर कर दिया।

 

बताया जा रहा है कि मानसून के सक्रिय होते ही बारिश अनवरत रूप से होगी। यानी रोजाना बादल बरसेंगे। मंगलवार से इसका दृश्य भी नजर आ रहा है। उम्मीद की जा रही है कि बारिश से 4 माह से गर्मी से त्रस्त लोगों को राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने बारिश के दौरान तेज अंधड़ और वज्रपात की भी आशंका जाहिर की है। इसके लिए मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है।


अन्य पोस्ट