राजनांदगांव
मंडल अध्यक्ष मनोज कांडे के खिलाफ मनमानी का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 13 जून। डोंगरगांव विधानसभा के लालबहादुर नगर भाजपा मंडल की कार्यकारिणी की घोषणा से खफा कई पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत को पत्र लिखकर इस्तीफा भेज दिया है।
पदाधिकारियों का आरोप है कि नवगठित कार्यकारिणी में निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है। वहीं मनमाने ढंग से कार्यकारिणी में कांग्रेस से आए लोगों को महत्व दिया गया है। हालांकि जिला संगठन ने इस्तीफा देने संबंधी खबरों को खारिज किया है। इस संबंध में महामंत्री सौरभ कोठारी ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि इस्तीफा देने की खबर निराधार है। हालांकि कुछ पदाधिकारी असंतुष्ट थे, जिसे समझाईश दी गई है।
बताया जा रहा है कि मंडल अध्यक्ष मनोज कांडे ने कार्यकारिणी गठन में नए सदस्यों और कांग्रेस से आए लोगों को काफी अहम दायित्व सौंपा है। वहीं संगठन में उचित महत्व नहीं मिलने से नाराज पदाधिकारियों ने इस पर आपत्ति की। आपसी राजनीतिक सुलह नहीं होने के बाद कई लोगों ने इस्तीफा दिया है। इस्तीफा देने वालों में वर्षा गेडाम, थनवार मंडावी, अशोक वर्मा, भोजराज वर्मा, देवेन्द्र यादव तथा घनश्याम वैष्णव के अलावा कई अन्य लोग भी शामिल हैं। पिछले दिनों जिलाध्यक्ष के निर्देश पर मंडल अध्यक्ष मनोज कांडे ने कार्यकारिणी की सूची जारी की है। सूची में उचित पद नहीं मिलने से खफा कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा दिया है।


