राजनांदगांव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 मई। नौतपा में मानसून की बौछार पडऩे से एक ओर मौसम में ठंडकता आई है। वहीं खैरागढ़ जिले में खेत में काम कर रही एक महिला की आकाशीय बिजली की चपेटे में आने से मौत हो गई। साथ ही बिजली गिरने की घटना में 3 अन्य भी झुलस गए। दक्षिण-पश्चिम मानसून जिले में दाखिल होने लगा है। वहीं प्री-मानसून के असर से बारिश होने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। ऐसे में आसमानी बिजली ने लोगों को नुकसान पहुंचाना भी शुरू कर दिया है। गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है।
मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ जिले के दौजरी गांव में एक महिला रजाबाई कश्यप 50 वर्ष खेत में अपने साथी शशि यादव, बुधयारिनबाई व बिरजाबाई के साथ काम कर रही थी। उसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली। बारिश के साथ तेज गर्जना और बिजली चमकी। बिजली गिरने की घटना में रजाबाई की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके साथ काम कर रही महिलाएं गंभीर है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।