राजनांदगांव
.jpg)
कुछ जवानों को किया पुरस्कृत तो कुछ को दी चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 अप्रैल। राजनांदगांव रेंज आईजी दीपक झा ने बीते गुरुवार-शुक्रवार को दो दिनी दौरे में कबीरधाम जिले के थानों और कार्यालयों का सालाना वार्षिक निरीक्षण किया। आईजी ने उत्कृष्ठ कार्य करने पर कुछ जवानों को पुरस्कृत किया। वहीं लापरवाह और अनुशासनहीनता को लेकर कुछ जवानों को कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।
आईजी झा ने सहसपुर लोहारा थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने दौरे के पहले दिन एसपी कार्यालय, सहसपुर लोहारा थाना और अजाक डीएसपी कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। दौरे के अंतिम व दूसरे दिन आईजी ने कवर्धा के न्यू पुलिस लाइन स्थित रक्षित केंद्र का निरीक्षण कर परेड की सलामी ली। परेड का नेतृत्व आरआई महेश्वर सिंह ने किया।
आईजी ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों के टर्नआउट और अनुशासन का सूक्ष्म निरीक्षण किया तथा उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले जवानों को मौके पर पुरस्कृत किया। पुलिस लाइन में आईजी झा ने वाहन शाखा सहित शास्त्रागार, स्टोर शाखा, रीडर शाखा, एमटी शाखा एवं मोहर्रिर कक्ष का बारिकी से अवलोकन किया। आईजी ने अपने निरीक्षण के दौरान जवानों को नियमित तौर पर शारीरिक अभ्यास, योग और खेल गतिविधियों के जरिये स्वस्थ रहने के निर्देश दिए। उन्होंने नवीन भारतीय न्याय संहिता एवं अन्य विधिक प्रावधानों की जानकारी हेतु जवानों को अपनी समझ बढ़ाने को भी कहा। आईजी झा ने वार्षिक निरीक्षण में कवर्धा पुलिस की सराहना की। उन्होंने सख्त पुलिसिंग पर विशेष ध्यान केन्द्रित करने पर भी जोर दिया।
दरबार में आईजी ने जवानों की सुनी समस्याएं
सालाना वार्षिक निरीक्षण में आईजी दीपक झा ने जवानों की समस्या को सुनने के लिए एक दरबार भी लगाया। उन्होंने जवानों के निजी और विभागीय समस्या को गंभीरता से सुना। कुछ जवानों ने लंबे समय से रेंज के दूसरे जिले में स्थानांतरण के आवेदन पर विचार नहीं करने को लेकर ध्यानाकर्षण कराया। आईजी ने पारिवारिक और अन्य जिम्मेदारियों का हवाला देने वाले जवानों को उनके आवेदनों पर विचार करने का आश्वासन दिया। आईजी ने जवानों से थानों में फरियादियों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करने तथा शिकायतों की निष्पक्ष जांच करने महकमे को सीख दी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकगण पुष्पेंद्र बघेल एवं पंकज पटेल, डीएसपी संजय ध्रुव, एसडीओपी बोडला अखिलेश कौशिक, एसडीओपी लोहारा प्रतीक चतुर्वेदी, एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह धनेश्रि, एसडीओपी कवर्धा कृष्ण कुमार चंद्राकर, प्रशिक्षु डीएसपी सिद्धार्थ सिंह सहित कबीरधाम जिले के समस्त पुलिस अधिकारी व बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।