राजनांदगांव

चांद दिखने के बाद सोमवार को मनाई जाएगी ईद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 मार्च। रमजान के मुबारक महीने के आखिरी दिन सोमवार को ईद पर्व मनाई जाएगी। हालांकि मस्जिदों से चांद दिखने के ऐलान के बाद ईद पर्व मनाया जाएगा। सोमवार को मौसम साफ होने से चांद दिखना तय है। ऐसे में समाज की ओर से सोमवार को ही ईद मनाने और नमाज अदा करने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय मठपारा स्थित ईदगाह मैदान को नमाजियों के लिए तैयार किया जा रहा है। सुबह तय समय पर मुस्लिम धर्मावलंबी नमाज अदा करने के लिए एकत्रित होंगे। करीब माहभर से रमजान के महीने में रोजा रखकर अल्लाह की इबादत की गई। रोजेदारों ने कठिन रोजा रखकर अपने हक में अल्लाह से दुआएं मांगी है। रमजान के आखिरी दिन ईद मनाया जाता है।
इस बीच शहर में व्यापारिक हलचल भी ईद के मद्देनजर बढ़ी है। बच्चों और महिलाओं के लिए घर के बुजुर्ग नए कपड़े से लेकर अन्य आवश्यक सामग्रियों की खरीदी कर रहे हैं। महिलाएं कई तरह के व्यंजन बनाने की तैयारी में व्यस्त हैं। विशेषकर खुशबूदार और लजीज सेवईयों की खरीदी हो चुकी है।
मस्जिदों के बाहर रंग-बिरंगी सेवईयों की दुकानें सज गई है। शहर के जामा मस्जिद, हन्फी मस्जिद, नूरी मस्जिद व अन्य मस्जिदों में लगातार ईद पर्व मनाने की तमाम रस्म को पूरा किया जा रहा है। रोजेदारों के लिए ईद पर्व की खास अहमियत है। वजह यह है कि पूरे महीने 5 वक्त का नमाज अदा करते हुए रोजेदार अल्लाह की इबादत में लगे रहे। रोजा रखने को एक तरह से खुशकिस्मती के रूप में भी देखा जाता है। नमाज अदा करने के साथ-साथ कई तरह की पाबंदियां भी रमजान के महीने में होती है। बताया जा रहा है कि शहरभर के मुस्लिम बंधु ईद के खास मौके पर नमाज अदा करने मठपारा स्थित ईदगाह मैदान में एकत्रित होंगे।
धूप से बचने लगाए गए टेंट
नमाज अदा करने के दौरान धूप से बचाव के लिए मस्जिद कमेटियों की ओर से टेंट लगाए जा रहे हैं। वहीं आराम तलब नमाज के लिए दरी भी जमीन पर बिछाने की तैयारी की जा रही है। वहीं प्रशासन की ओर से नमाजियों के लिए पेयजल व्यवस्था भी की जा रही है। ईद के मौके पर ईदगाह मैदान में छोटे कारोबारियों की दुकानें भी सजने लगी है। बच्चों के पसंदीदा खाद्य सामग्रियों की दुकानें ईदगाह मैदान के आसपास दिखाई पड़ रही है। ईद पर्व के दौरान सुरक्षा के भी कड़े बंदोबस्त के लिए पुलिस जवान भी तैनात रहेंगे। नमाज अदा करने के दौरान पुलिस की ओर से आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है।