राजनांदगांव

सावन सोमवार के आखिरी दिन कल शिवालयों में होगा जलाभिषेक और पूजा-अर्चना
18-Aug-2024 3:11 PM
सावन सोमवार के आखिरी दिन कल शिवालयों  में होगा जलाभिषेक और पूजा-अर्चना

कांवड़ मार्ग और मंदिरों में बोल-बम और हर-हर महादेव की होगी गूंज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 अगस्त।
सावन मास के आखिरी दिन कल अंतिम सोमवार को सुबह से ही शिवालयों और सुबह से ही जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो जाएगा। इधर शिवनाथ नदी से कांवड़ में जल लेकर भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक करने वाले भक्तों द्वारा भी रास्तेभर बोल-बम और हर-हर महादेव की गुंजायमान होगा। सालों बाद इस सावन के महीने में 5 सोमवार का योग बना है। बीते 22 जुलाई से सावन माह लगते ही मंदिरों और शिवालयों में हर-हर महादेव की गूंज और जिले में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। कल सोमवार को सावन मास के अंतिम सोमवार होने के चलते रविवार को पूजन सामग्रियों की खरीदी के लिए बाजार में भीड़ भी उमड़ रही है। 

कल सुबह से ही भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की तैयारी को लेकर भक्त जुटे हुए हैं। सावन के महीने को पवित्र महीना माना जाता है। इस महीने में भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना होती है। वहीं महादेव के भक्त कठिन व्रत रखकर उनकी उपासना करते हैं। महिलाएं और युवतियों में सावन महीने में उपवास रहने का एक विशेष लगाव रहता है। इस महीने का महिला वर्ग को बेसब्री से इंतजार रहता है।  कल अंतिम सावन सोमवार होने से लोगों में उत्साह भी बना हुआ है। स्थानीय शिवनाथ नदी के मोहारा तट से जल लेकर भक्त मंदिरों में पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे।  वहीं मंदिरों में स्थित शिवलिंगों का कांवरिए जलाभिषेक भी करेंगे। शिवालयों में कांवरियों में जल लेकर शिवलिंगों का पारंपरिक रूप से अभिषेक करेंगे। सावन महीने को भक्ति की लिहाज से बेहद ही महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि भगवान शिव की आराधना के लिए यह महीना सबसे पवित्र होता है, इसलिए माहभर घरों से लेकर अन्य सार्वजनिक स्थलों में भगवान शिव की स्तुतिगान होती रहती है। इधर शहर के बड़े शिवालयों में तैयारी शुरू हो गई है।

पूजन सामग्री के लिए उमड़ी भीड़
कल सावन मास के अंतिम सोमवार होने की वजह से आज रविवार को बाजार में पूजन सामग्रियों की खरीदी करने लोगों की भीड़ उमड़ी रही। वहीं लोग दूध, दही, बेलपत्र समेत अन्य पूजन सामग्रियों की खरीदी करने लोग बाजार क्षेत्र में पहुंचने लगे। 

अंतिम कांवड़ यात्रा नारी शक्ति रक्षाबंधन को समर्पित
श्री बागेश्वर मंदिर धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा सावन मास के अंतिम सोमवार को कांवड यात्रा नारी शक्ति व रक्षाबंधन को समर्पित रहेगी। स्वतंत्रता दिवस पर  मंदिर को तिरंगो से सजाया गया था। श्री बागेश्वर मंदिर धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा कावड़ यात्रा देश, भारतीय सेना, भारतीय खिलाडिय़ों, मूकबधिर बच्चों के कल्याण हेतु निकाली जा चुकी है। 

अंतिम कावड़ यात्रा के लिए श्री बागेश्वर धाम सेवक पंकज गुप्ता, राकेश ठाकुर, भावेश अग्रवाल, विजय गुप्ता, राजेश शर्मा, सौरभ खंडेलवाल, निकुंज सिंघल, सूरज गुप्ता  तैयारी में लगे हैं। उन्होंने बताया कि पांचवी कावड़ यात्रा नारी शक्ति व रक्षाबंधन को समर्पित रहेगी। देश में नारी शक्ति हर क्षेत्र में पुरूषों के साथ-साथ व उनसे आगे भी बढक़र कार्य व सेवा कर रही है। विभिन्न क्षेत्रों के माध्यम से देश की सेवा कर भारत का नाम ऊंचा  कर रही है, जो कि भारतीय नारियों की उत्कृष्ठ क्षमता को दर्शाता है। उक्त जानकारी अजय गुप्ता ने दी।


अन्य पोस्ट