राजनांदगांव

ट्रैफिक का दबाव कम करने दो अंडरब्रिज, पटरीपार बाशिंदों को मिलेगी राहत
01-Jan-2024 12:47 PM
ट्रैफिक का दबाव कम करने दो अंडरब्रिज, पटरीपार बाशिंदों को मिलेगी राहत

 साल के अंत तक बनकर होंगे तैयार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

राजनांदगांव, 1 जनवरी। रेल्वे यातायात को सुगम बनाने के लिए एक बड़ी कार्ययोजना के तहत श्रृंखलावार अंडरब्रिज निर्माण की दिशा में कारगर कदम उठा रहा है। साल 2024 भी रेल्वे की सुविधा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होगा। शहर के स्टेशनपारा और गौरीनगर अंडरब्रिज निर्माण कार्य धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। बरसों से इन दोनों स्थानों में अंडरब्रिज बनाने की मांग पटरीपार के बाशिंदे करते रहे हैं। 

रेल्वे के पीडब्ल्यूडी विभाग ने अंडरब्रिज निर्माण की शुरूआत बीते साल मार्च 2023 से शुरू की थी। अंडरब्रिज निर्माण की अवधि के लिए डेढ़ साल का वक्त तय किया गया है।  उम्मीद की जा रही है कि शहर के पटरीपार बसे 50 हजार से ज्यादा की आबादी और आसपास के इलाकों से आने वाले लोगों को अंडरब्रिज से शहर में दाखिल होने में दोनों अंडरब्रिज मददगार साबित होंगे। वैसे रेल्वे हाईस्पीड ट्रेन चलाने की दिशा में बढऩे की वजह से देशभर में रेल्वे क्रॉसिंग को बंद कर अंडरब्रिज खोलने का अभियान चला रहा है। 


इसी के चलते छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे दर्रेकसा से लेकर दुर्ग रेल्वे स्टेशन तक दर्जनभर अंडरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसी कड़ी में शहर में दो और मनगट्टा ओवरब्रिज के पास एक अंडरब्रिज निर्माणाधीन है। आने वाले दिनों में डोंगरगढ़ और राजनांदगांव के स्टेशनों के पास भी अंडरब्रिज निर्माण शुरू किया जाएगा। 

दरअसल, रेल्वे अगले कुछ सालों में 130 से 150 किमी प्रति घंटा की रफ्तार वाली ट्रेनों को पटरी में दौड़ाने की तैयारी में है। इसके लिए यह जरूरी है कि रेल्वे क्रॉसिंग बंद कर अंडरब्रिज का निर्माण किया जाए। रेल्वे की ओर से कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसमें तीसरी और चौथी रेल लाईन का निर्माण शामिल है। पिछले कुछ सालों से रेल्वे में सफर करने वालों की तादाद बढ़ी है।

रेल में सफर करना आम लोगों के लिए सस्ता और सुलभ रहता है। देश की महत्वपूर्ण रेल्वे लाईन मानी जाने वाली मुंबई-हावड़ा ट्रेक में लगातार पटरी  का विस्तार किया जा रहा है। 
एक जानकारी के मुताबिक आने वाले दिनों में मुसरा, अछोली, चिद्दो, खपरीकला, धनगांव में भी अंडरब्रिज निर्माण कार्य शुरू होगा। रेल्वे ने दर्रेकसा के टनल में भी रफ्तार बढ़ाने के अनुसार काफी बदलाव किए हैं। बोरतलाव में अंडरब्रिज निर्माण लगभग समाप्ति की ओर है। दुर्ग से दर्रेकसा के बीच तीसरी लाइन के बाद चौथी लाइन निर्माण भी शुरू कर दिया है।

साल 2024 रेल्वे के लिए अधोसंरचना के लिहाज से काफी मायने रखता है। यही कारण है कि अंडरब्रिज निर्माण पर रेल्वे का पूरा फोकस है। आने वाले दिनों में जल्द ही सभी रेल्वे क्रॉसिंग बंद हो जाएगी। कुल मिलाकर अगले एक-दो साल में हाईस्पीड ट्रेनों को दौड़ाने का लक्ष्य रेल्वे पूरा कर लेगा।


अन्य पोस्ट