राजनांदगांव

तपिश वाले महीने में अचानक बरस रहे बादल से लोग हैरत में
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 मई। तपिश का महीना माने जाने वाले मई माह के तीसरे दिन मूसलाधार बारिश हुई। बुधवार सुबह करीब 3 घंटे तेज बूंदे पड़ी। वहीं मंगलवार की शाम से अचानक मौसम ने करवट ली और फिर बारिश शुरू हो गई। अप्रैल का दूसरा पखवाड़ा बारिश की भेंट चढ़ गया। यही हाल मई के गुजरे तीन दिनों की स्थिति बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि मौसम में उलट-फेर का सिलसिला अगले दो-तीन दिनों तक जारी रहेगा। मौसम विभाग ने मई के दूसरे सप्ताह में एक भीषण चक्रवात उठने की आशंका जताई है। यानी मई का दूसरा सप्ताह भी मौसम के करवट बदलने से भरा रहेगा। मौसम विभाग का दावा है कि प्रदेश के ऊपर चक्रवाती घेरा तैयार हो रहा है। जिससे ओलावृष्टि और वज्रपात की आशंका बढ़ गई है। इधर आज सुबह बादल जमकर बरसे। तेज बूंदों के साथ करीब 3 घंटे तक बारिश हुई। अचानक मौसम के बदलते रूख को देखकर लोग हैरत में पड़ गए हैं। मई का महीना तेज गर्मी और सूर्य की तपिश के लिए जाना जाता है। इस महीने में सूर्य आग उगलता है। वहीं लोग सूर्य के तेवर से गर्मी से बचने कई तरह के हथकंडे अपनाते हैं।
इस साल मौसम का मिजाज को लेकर लोग अनुमान लगाने की स्थिति में नहीं है। लगातार बारिश होने से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई है। सब्जी-तरकारी के कारोबार पर बड़ा आर्थिक चोंट लगने का अंदेशा बढ़ गया है। बताया जा रहा है कि बेमौसम बारिश से गर्मी में होने वाली फसलें चौपट हो गई है। धान की खड़ी फसलें खेतों में लहलहाने के बजाय गिर गई है। सब्जी के व्यवसाय को भी बेमौसम बारिश ने काफी नुकसान पहुंचाया है।
मौसम विभाग का कहना है कि चक्रवाती सिस्टम बनने से बारिश हो रही है। छत्तीसगढ़ के ऊपर इन दिनों एक सिस्टम के असर से बादल बरस रहे हैं। निम्न दाब के क्षेत्र में बदलाव आने से बरसात हो रही है। आज सुबह से ही बादलों ने अचानक बरसात का रूप ले लिया। तेज हवाएं चलने से गर्मी नदारद हो गई है। कूलर और पंखे बंद पड़े हैं। लोगों को आज भी बारिश ने मानसून का अहसास कराया है। इधर दोपहर बाद मौसम में आंशिक परिवर्तन हुआ। बादल छंटने से तेज धूप के साथ उमस का भी अहसास हुआ। अगले दो-तीन दिनों में बरसात होने का अंदेशा अब भी बना हुआ है।