राजनांदगांव

रमेश की नई टीम में आलोक कोषाध्यक्ष, भावेश युवा मोर्चा के प्रभारी
20-Jan-2023 12:40 PM
रमेश की नई टीम में आलोक कोषाध्यक्ष, भावेश युवा मोर्चा के प्रभारी

आधा दर्जन उपाध्यक्ष, दो महामंत्री
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 20 जनवरी।
भाजपा के जिलाध्यक्ष रमेश पटेल ने लंबे इंतजार के बाद अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। चुनावी साल में नई टीम के जरिये ही भाजपा रण पर कांग्रेस से मुकाबला करेगी। जिलाध्यक्ष पटेल ने कुछ चौंकाने वाले नामो को भी सूची में जगह दी है। ज्यादातर नए चेहरों को संगठन के अलग-अलग विंगों में जवाबदारी दी गई है। पटेल ने लगभग आधा दर्जन उपाध्यक्ष बनाए हैं। वहीं दो शहर-देहात से एक-एक महामंत्री नियुक्त किए गए हंै।

पार्टी ने कोष संभालने का जिम्मा आलोक बिंदल को दिया है। साथ ही भावेश बैद को युवा मोर्चा का प्रभारी बनाया है। उपाध्यक्ष  के अलावा 7 जिला मंत्री नियुक्त किए गए हैं। पार्टी ने परपंरागत रूप से ग्रामीण-शहर से महामंत्री के तौर रविन्द्र वैष्णव तथा राजेन्द्र गोलछा को मौका दिया है। दोनों को महामंत्री बनाए जाने पर अंदरूनी विरोध भी तेज हो गया है। उपाध्यक्ष के तौर पर सावन वर्मा, लीलाधर साहू, आभा तिवारी, चंद्रिका डड़सेना तथा मूलचंद लोधी को शामिल किया गया है।

बतौर मंत्री कैलाश शर्मा, राजेश श्यामकर, गिन्नी चांवला, धनराज ठाकुर, रविन्द्र सिंह, ललिता कंवर, जागृति यदु को नियुक्ति किया गया है। सह-कोषाध्यक्ष संजय लोहिया होंगे। कार्यालय मंत्री आकाश चोपड़ा व कार्यालय प्रभारी रघुवीर वाधवा, सह प्रभारी अरूण शुक्ला बनाए गए हैं। अमर ललवानी को मीडिया का प्रभार दिया गया है। योगेश दत्त मिश्रा भी मीडिया के प्रभारी होंगे। जिलाध्यक्ष श्री पटेल ने चुनावी वर्ष में अपने संगठन को अस्तित्व में लाया है। यही टीम चुनावी मोर्चे पर  कांग्रेस से दो-दो हाथ करेगी।



  सूची में मधु का नाम बाद में जोड़ा गया, रामजी और सरोजनी के नाम नदारद  
भाजपा की नई सूची में आश्चर्यजनक रूप से पूर्व सांसद और पूर्व जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव का नाम स्थाई आमंत्रित सदस्यों की सूची से गायब रहा, लेकिन सोशल मीडिया में बवंडर खड़ा होने के बाद उनके नाम को सूचीबद्ध किया गया।  वहीं डोंगरगढ़ के दो पूर्व विधायक रामजी भारती और सरोजनी बंजारे का नाम भी सूची में नदारद है। तीनों नेताओं का नाम सूची में नहीं होने को लेकर पार्टी के भीतर गुटीय राजनीति को इसकी वजह के रूप में देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि मधुसूदन यादव का नए जिलाध्यक्ष पटेल से विचार मेल नहीं खा रहा है। अध्यक्ष बनने के बाद से पटेल और मधुसूदन के बीच राजनीतिक दूरिया तेजी से बढ़ी है। यही चर्चा डोंगरगढ़ के विधायक रहे रामजी भारती के नाम को लेकर भी  सुनाई दे रहा है। सरोजनी बंजारे भी पूर्व विधायक होने के नाते स्थाई आमंत्रित सदस्यों की सूची में नाम की हकदार थी, लेकिन उनका नाम भी सूची से गायब है। इस संबंध में रामजी भारती ने 'छत्तीसगढ़’ से कहा कि सूची में जगह नहीं मिलने के संबंध में जिलाध्यक्ष ही अधिकृत रूप से जानकारी दे पाएंगे। वह इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते।
 


अन्य पोस्ट