रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 जुलाई। एडीजी जीपी सिंह के ठिकानों में जांच-पड़ताल का काम शुक्रवार को भी जारी रहा। खबर है कि जीपी सिंह के एक करीबी कॉस्टेबल से लंबी पूछताछ हुई है। यही नहीं, एसीबी को मनी लॉड्रिंग, और प्रापर्टी के काफी दस्तावेज मिले हैं।
एसीबी, एडीजी जीपी सिंह के ठिकानों में पड़ताल कर रही है। उनके निवास पर आज भी जांच चलती रही। सूत्रों के मुताबिक जीपी सिंह के साथ लंबे समय तक रहे एक कॉस्टेबल को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। कॉस्टेबल बस्तर में पदस्थ है। वह जीपी सिंह के साथ एसीबी में रहा।
कॉस्टेबल को जीपी सिंह का काफी राजदार बताया जा रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है, और जीपी सिंह का राज उगलवाने की कोशिश की गई। दूसरी तरफ, ओडिशा के बरबिल में जीपी सिंह के करीबियों से पूछताछ चल रही है। सूत्रों के मुताबिक कोलकाता की एक कंपनी के जीपी सिंह के पिता कंस्लटेंट हैं, उनके पिता की उम्र 85 साल बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि कंस्लटेंट के रूप में जीपी सिंह के पिताजी को 8 लाख रूपए महीने मिलते थे।
एसीबी कंपनी के अलावा मानदेय की पूरी जानकारी जुटा रही है। चर्चा है कि मैग्नेटो मॉल के पास कॉलोनी में जीपी सिंह की एक प्रापर्टी है। यह प्रापर्टी पहले ही आयकर विभाग के संज्ञान में हैं, और इसमें निवेश को लेकर बिल्डर से भी जानकारी ली गई थी।