रायपुर
रायपुर, 22 नवंबर। छत्तीसगढ़ में पुलिस कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश पर राज्य सरकार एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी निर्देशों के पालन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। संयुक्त पुलिस कर्मचारी एवं परिवार कल्याण संघ के अध्यक्ष उज्जवल दीवान ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि जब सरकार और पुलिस महानिदेशक ने पुलिस कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश देने के संबंध में आदेश जारी किए गए हैं, फिर जिलों के पुलिस अधीक्षक और बटालियनों के कमाण्डेन्ट उन आदेशों का पालन क्यों नहीं कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में आदेश जारी करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन आदेशों का धरातल पर पालन होना भी जरूरी है। जब पुलिस महानिदेशक स्वयं साप्ताहिक अवकाश देने के निर्देश जारी करते हैं, तो जिलों के पुलिस अधीक्षक और बटालियनों के कमाण्डेन्ट की जिम्मेदारी है कि वे इसका पालन सुनिश्चित करें। आखिर पुलिस कर्मचारियों को उनका निर्धारित साप्ताहिक अवकाश मांगने के लिए बार-बार आवाज क्यों उठानी पड़ रही है? उन्होंने मांग की कि प्रदेश के सभी जिलों एवं पुलिस बटालियनों में साप्ताहिक अवकाश के आदेश का प्रभावी पालन कराया जाए। जिन इकाइयों में आदेश का पालन नहीं हो रहा है, वहां जिम्मेदारी तय की जाए तथा पुलिस कर्मचारियों को नियमानुसार साप्ताहिक अवकाश उपलब्ध कराया जाए।