रायपुर

41 दिनों बाद पटवारियों की हड़ताल स्थगित
22-Nov-2026 9:03 PM
41 दिनों बाद पटवारियों की हड़ताल स्थगित

सीएम से मुलाकात के बाद संघ ने लिया फैसला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 नवंबर। छत्तीसगढ़ में पिछले 41 दिनों से जारी राजस्व पटवारी संघ की हड़ताल स्थगित कर दी गई है। मुख्यमंत्री निवास में सीएम से हुई मुलाकात और मांगों पर सकारात्मक चर्चा के बाद संघ ने यह निर्णय लिया। मुख्यमंत्री ने हड़ताल अवधि के दौरान पटवारियों पर की गई कार्रवाई निरस्त कराने के लिए सभी कलेक्टरों को निर्देशित करने तथा वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़े मामलों में तत्काल कमेटी गठित कर कार्रवाई करने की बात कही है।

संघ की ओर से जारी सूचना के अनुसार मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक में प्रांतीय पटवारी संघ के अध्यक्ष भागवत कश्यप ने संगठन की चार प्रमुख मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के साथ विस्तार से चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी मांगों पर विचार करते हुए उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

चर्चा के दौरान हड़ताल अवधि में पटवारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टरों को कार्रवाई निरस्त करने के निर्देश देने की बात कही। इसके अलावा वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़े प्रकरणों के समाधान के लिए तत्काल कमेटी गठित कर प्रक्रिया आगे बढ़ाने का भरोसा दिया। संघ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री की इस पहल को सकारात्मक बताते हुए 41 दिनों से चल रही हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की। संगठन का कहना है कि मांगों पर शासन की ओर से पहल किए जाने के बाद यह निर्णय लिया गया है।

बैठक में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, राजस्व पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप, कार्यकारी अध्यक्ष ज्योतिष सर्वे, कोषाध्यक्ष प्रमोद टंडन, महामंत्री सतीश चंद्राकर, उपाध्यक्ष आलोक तिवारी, मुरली मनोहर वर्मा, देव कश्यप और गुरु दीवान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। राजस्व पटवारी संघ के महामंत्री सतीश चंद्राकर ने हड़ताल स्थगित किए जाने की जानकारी दी। अब पटवारियों की मांगों पर शासन स्तर पर होने वाली आगामी कार्रवाई पर संगठन की नजर रहेगी।


अन्य पोस्ट