रायपुर

सेंट्रल जेल के 70 बंदियों को कौशल प्रशिक्षण
22-Nov-2026 8:37 PM
सेंट्रल जेल के 70 बंदियों को कौशल प्रशिक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 नवंबर। केंद्रीय जेल रायपुर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में कंप्यूटर शिक्षा एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले 70 बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए ग?ए।प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 40 पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ तथा 30 महिला बंदियों को ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ के अंतर्गत ब्यूटी पार्लर संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  जेल महानिदेशक  हिमांशु गुप्ता ने प्रशिक्षण प्राप्त बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 श्री गुप्ता ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों का महत्वपूर्ण आधार बन गई है। कंप्यूटर प्रशिक्षण से बंदियों में डिजिटल साक्षरता, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास का विकास होगा। वहीं महिला बंदियों को हेयर ड्रेसिंग एवं ब्यूटी पार्लर संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करने से उन्हें रिहाई के पश्चात स्वरोजगार प्रारंभ करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।

 कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस ठाकुर राम सिंह ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले बंदियों को बधाई दी। कार्यक्रम में केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान रायपुर के निदेशक  अतुल सिंह तथा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, नई दिल्ली के छत्तीसगढ़-झारखंड स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर  वैभव अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट