रायपुर
रायपुर, 16 जून। प्रदेश सरकार की ढाई साल के कार्यकाल के विरोध में आंदोलन का आगाज मंगलवार को हुआ। आगामी 17 जून को छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के ढाई वर्ष पूरे हो रहे हैं। ढाई वर्षो में कांग्रेस सरकार ने जनता से विश्वासघात और अराजकता के रोज नए-नए कारनामे किए हैं। कांग्रेस सरकार की इन्हीं कारगुजारियों को जनता के सम्मुख लाने के लिए भाजपा रायपुर जिला का वादाखिलाफी अभियान रायपुर के 16 मंडलों के सभी वार्डों में प्रारंभ हुआ।
कांग्रेस के कुशासन और अन्याय के खिलाफ भाजपा द्वारा रायपुर दक्षिण के महामाई पारा व विपिनबिहारी सूर वार्ड में आयोजित कार्यक्रम में जनता के बीच पहुंचे बृजमोहन ने कहा कि राज्य सरकार जनता से किए वादे पूरा करने के बजाय अपनों के तगादों से त्रस्त है। राज्य बनने के बाद ढाई- ढाई साल के फार्मूले में फंसी कांग्रेस सरकार ढाई साल बीतने के बाद भी निगम-मंडलों के मलाईदार पदों के लिए अपने नेताओं की मांग में उलझी हुई है और जनहित के कार्यों से मुंह फेरे बैठी है।
श्री अग्रवाल ने जनता से पूछा कि क्या आपके बच्चों को नौकरी मिली ,क्या आपके बच्चे को बेरोजगारी भत्ता मिला। उन्होंने महिला स्व सहायता समूह से उनके कर्ज माफी के संबंध में भी बातचीत की। उन्होंने भूपेश सरकार से मांग की कि जनता ने आपके वादों पर भरोसा करके आपको जिताया है आप केंद्र के माथे आरोप मढऩे के बजाय जनता से किए अपने वादे पूरे करें।