रायपुर
भाजपा प्रदेशभर में लोगों से वैक्सीन लगाने की अपील कर रही है। मोदी सरकार के सात साल पूरे होने के मौके पर रायपुर सहित अन्य जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। केन्द्र सरकार द्वारा वैक्सीन नहीं उपलब्ध कराए जाने के कारण वैक्सीनेशन तकरीबन ठप्प पड़ गया है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 जून। सरकार वैक्सीनेशन के लिए जनजागरूकता अभियान चला रही है। विपक्षी दल भाजपा भी मोदी सरकार के सात साल पूरे होने के मौके पर कार्यक्रमों में लोगों से वैक्सीन लगाने की अपील कर रही है, लेकिन प्रदेश के अधिकांश जिलों में वैक्सीन न होने के कारण वैक्सीनेशन नहीं हो पा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि 7 जून के बाद ही वैक्सीन आने की उम्मीद है।
वैक्सीनेशन के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विपक्षी दल भाजपा भी प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील कर रही है, लेकिन अधिकांश जिलों में वैक्सीन नहीं होने के कारण अभियान ठप्प पड़ गया है। प्रदेश के 24 जिलों में वैक्सीनेशन बंद हो गया है।
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि सात तारीख के बाद ही वैक्सीन आने की उम्मीद है। इसके बाद ही वैक्सीनेशन तेजी से हो सकेगा। जानकारी के मुताबिक प्रदेश को जनवरी 2021 से लेकर अब तक 22 खेपों में 72 लाख 22 हजार 810 डोज कोविशिल्ड वैक्सीन की प्राप्त हुई है, वहीं जनवरी से अब तक 7 खेपों में सिर्फ 4 लाख 97 हजार 540 डोज कोवैक्सीन प्राप्त हुई है। इस प्रकार दोनों वैक्सीन के कुल 77 लाख 20 हजार 350 डोजेज प्राप्त हुई है।
बताया गया कि 18-44 वर्ष आयु समूह के लिए अब तक 7 लाख 97 हजार 110 डोज प्राप्त हुई है जिसमें 1.5 लाख कोवैक्सीन डोज 1 मई 2021 को, 3.5 लाख डोज कोविशील्ड वैक्सीन 8 मई 2021 को एवं 2 लाख 97 हजार 110 डोज कोविशील्ड वैक्सीन 15 मई 2021 को प्राप्त हुई है। 18 -44 वर्ष आयुवर्ग के लाभार्थियों का अब तक सिर्फ 7 लाख 88 हजार 439 टीकाकरण (कोवैक्सीन एवं कोविशील्ड वैक्सीन) किया जा चुका है ।