रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 मई। लॉकडाउन लगते ही गरीब परिवार की खाने की मुसीबत बढ़ जाती है। वही मंदिरों व रेलवे स्टेशनों के सामने भीख मांग कर अपना गुजार बसर करने वाले लोगों की खाने की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे में टिकरापारा थाना के 3 पुलिस वालों ने भूखे व बेसहारा लोगों की मदद करने अपने स्वयं के पैसे से गरीबों के लिए भोजन तैयार करने लगे। धीरे-धीरे उनकी इस मुहिम को पूरे पुलिस महकमे का साथ मिल रहा है। टिकरापारा थाना में पदस्थ आरक्षक महेश नेताम और उनके दो साथी पुलिसकर्मी सुनील पाठक व जितेंद्र नाग ने गरीब व बेसहारा लोगों की मदद करने का बीड़ा उठाया।
महेश नेताम बताते हैं कि हम लोगों ने गोकुल नगर स्थित श्री प्रयास विद्यालय से खाना बनाकर पहले दिन 3 सौ जरूरतमंद लोगों को खाने का पैकेट बनाकर हमारे साथ प्रयास के भी बच्चे हमारा हाथ बंटाते हैं एक-दो दिन थोड़ी दिक्कत हुई, किंतु जैसे ही हमारे बड़े अधिकारियों को पता लगा कि हम लोग जरूरतमंदों के लिए भोजन की व्यवस्था कर रहे हैं तो उन्होंने खुद आगे बढक़र हमारी मदद को तैयार हुए।
महेश ने बताया कि डीजीपी और आईजी व एसएसपी साहब के मार्गदर्शन में काम शुरू हो गया। अब हमें पूरा विभाग व सेवा संस्था का पूरा सपोर्ट मिल रहा है। आरके विज सर यहां प्रयास विद्यालय पर पहुंचकर भोजन की व्यवस्था का जायजा लिया और हर संभव मदद करने का आश्वासन भी दिए हैं।
अभी हम लोग साढ़े आठ सौ भोजन का पैकेट तैयार कर बांट रहे हैं हमारे स्टाफ के साथ हर थाना क्षेत्र में भोजन का पैकेट बांटते हैं। जरूरतमंदों को साथ ही हमारे साथ प्रयास के भी बच्चे भोजन बांटने में मदद करते हैं सुनील पाठक ने बताया कि हम यह काम अगर लॉकडाउन खत्म भी हो जाता है तो भी निरंतर जारी रहेगा। क्योंकि गरीब वर्ग को लॉकडाउन खुलते ही काम ढूंढना पड़ता है, ऐसे में उन्हें खाने की दिक्कत होती है इसीलिए हमारा प्रयास है कि हम लॉकडाउन खुलने पर भी भोजन की व्यवस्था करते रहेंगे।
हमें अभी सभी अधिकारियों, पुलिस परिवार का पूरा सहयोग मिल रहा है। वही महेश नेताम ने बताया कि मैं खुद श्री प्रयास विद्यालय चलाता हूं। जिसमें गरीब वर्ग के करीब साढ़े चार सौ बच्चे पढ़ाई के साथ खेलकूद व अन्य गतिविधियां बताते हैं वही पुलिस ट्रेनिंग के बारे में भी सिखाते हैं। यहां पांचवी से कॉलेज तक के बच्चे पढ़ाई करते हैं जिसमें हमारे विभाग का पूरा सहयोग हुआ अन्य सेवा संस्था का पूरा सहयोग मिलता है।