रायपुर
छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 अप्रैल। प्रदेश के स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सीएम सहायता कोष के लिए एक दिन की वेतन कटौती के लिए विरोध किया है। स्वास्थ्य कर्मचारियों का कहना है कि विपरीत हलात में कोरोना महामारी के रोकथाम के लिए स्वास्थ्य कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। ऐसे में उनका वेतन काटा जाना उचित नहीं है। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य कर्मचारी संगठन ने 10 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की मांग की है।
कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों के एक दिन का वेतन काटा गया है। यह राशि पीएम सहायता कोष में दी गई है। कुछ कर्मचारी संगठनों की सहमति के बाद ऐसा किया गया है। मगर स्वास्थ्य कर्मचारी वेतन कटौती का विरोध कर रहे हैं। इस सिलसिले में मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन भेजा गया है।
छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रातांध्यक्ष ओपी शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी विषम परिस्थिति में बिना सप्ताहिक अवकाश के एस्मा कानून के साये में अपने-अपने परिवार के जान को जोखिम में डालकर दूरस्थ स्थानों से आना-जाना कर अनवरत कार्य कर रहे हैं, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की वेतन काटना अप्रासंगिक व कर्मचारियों को आर्थिक रूप से कठिनाई का सामना करने वाला होगा, जिससे कर्मचारियों के ऊपर आर्थिक व मानसिक बोझ बढ़ जाएगा। जिसका सीधा प्रभाव कर्मचारियों के कार्यक्षमता व जनता के स्वास्थ्य के लिए किए जा रहे कार्यों पर प्रभाव पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व में छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ स्वयं से महामारी से निपटने के लिए एक दिन का वेतन काटने हेतु अनुरोध पत्र जारी किया था व एक दिन का वेतन कटौती करवाया था, लेकिन संदर्भित पत्र में कुछ कर्मचारी संगठन द्वारा सहमति देना बताया गया है, अत: सहमति दिए हुए कर्मचारी संगठन के कर्मचारियों का वेतन कटौती किया जाए। अपने जान जोखिम में डालकर कार्य कर रहे स्वास्थ्य विभाग के समस्त कर्मचारियों को प्रतिमाह 10 हजार की प्रोत्साहन राशि दिया जाए।