रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 अप्रैल। केन्द्र सरकार ने स्वेच्छा से कोरोना वैक्सीन लगवाने की छूट दी है, लेकिन छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े अस्पताल अंबेडकर में सभी तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को वैक्सीन लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। खास बात यह है कि अस्पताल अधीक्षक ने अपने स्तर पर आदेश जारी किया है। वैक्सीन नहीं लगवाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। अधीक्षक के इस आदेश की तीखी प्रतिक्रिया हो रही है।
केन्द्र सरकार ने साफ तौर पर कहा है कि कोरोना वैक्सीन स्वेच्छिक है। इसकी अनिवार्यता नहीं रहेगी। सभी राज्यों को इसके लिए दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। मगर अंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विनीत जैन ने आदेश जारी कर सभी तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन लगवाने की सख्त हिदायत दी है।

उन्होंने ऐसे कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा है, जिन्होंने अभी तक कोरोना वैक्सीन नहीं लगवाया है। अस्पताल अधीक्षक ने साफ तौर पर कहा है कि तीन दिन के भीतर कर्मचारियों ने वैक्सीन लगवाकर सूचित नहीं किया, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कहा जा रहा है कि अस्पताल अधीक्षक ने अपने स्तर पर ही आदेश जारी कर दिए हैं। जबकि इसके लिए विभाग प्रमुख की अनुमति लेनी चाहिए थी। स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने अंबेडकर अस्पताल अधीक्षक के फरमान को तुगलकी करार दिया है, और कर्मचारियों पर बेवजह दबाव बनाने का आरोप लगाया है। संघ ने अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।