रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर/बालोद, 31 मार्च। दल्लीराजहरा के एक दंपत्ति ने अपने पड़ोसी पर मारपीट करने और झूठा प्रकरण दर्ज कराने का आरोप लगाया है। दंपत्ति ने इसकी शिकायत बालोद एसपी से लेकर डीजीपी तक की है, लेकिन इस पूरे मामले पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
दल्लीराजहरा की प्रीति राजपूत पति मनोज राजपूत ने बताया कि उनके पड़ोसी ओमप्रकाश साहू और उसकी पत्नी योगेश्वरी साहू द्वारा उनके साथ मारपीट की। कुछ दिन पहले मेरे पति अपने काम पर चले गए थे वे घर में बच्चों के साथ थी तब पानी भरने के नाम पर योगेश्वरी साहू मुझसे विवाद करने लगी और गाली गलौच करने लगी। मेरे द्वारा मना करने पर योगेश्वरी साहू ने अपने पति को बुलाया और उसे मेरे विरूद्ध भडक़ा कर मुझे मारने के लिए उकसाने लगी।
उसने बताया कि मेरे सिर, पीठ और पसली व कमर में बहुत गहरी चोटें आई है। जिसके कारण मुझे अभी भी काम करने में तकलीफ है। जब उसने मुझे मारा, तब पूरी बस्ती के लोगों ने देखा। ओमप्रकाश साहू के द्वारा मेरे कपड़े फाड़ दिया गया और उसी अवस्था में मेरे द्वारा अपने पति के साथ थाना दल्लीराजहरा जाकर उक्त घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने हेतु गई, जिस पर थाना-दल्लीराजहरा के पुलिस वालों द्वारा मेरे डाक्टरी मुलाहिजा कराया गया, आरोपीगण ओमप्रकाश और योगेश्वरी तथा रिंकी ठाकुर भी थाना पहुंचे और मेरे पति के विरूद्ध झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दिए। जिस पर थाना दल्लीराजहरा द्वारा मेरे पति के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी बनाया गया एवं थाने से छोड़ दिया गया। हमारे विरूद्ध बलवा का आरोप लगाकर मामला कोर्ट में दे दिया गया।
थाना राजहरा द्वारा मेरे ऊपर महिला अत्याचार के संबंध में कोई बात इंगित नहीं किया, जिससे आरोपीगण के विरूद्ध कोई कार्यवाही न करते हुए सामान्य धारा लगाकर उन्हें छोड़ दिया गया। आरोपीगण द्वारा मेरे साथ किए गए मारपीट एवं गालीगलौज से मुझे अनेक शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है तथा उनके विरूद्ध कोई कार्यवाही नहीं होने से आरोपीगण का हौसला और बुलंद होता जा रहा है। मेरे साथ उपरोक्त अत्याचार को ध्यान में रखते हुए आरोपीगण के विरूद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही किए जाने हेतु थाना-दल्लीराजहरा को निर्देशित किए जाने की मांग की है।