रायपुर
रायपुर से हिरासत में लेकर आई कोतवाली पुलिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 26 मार्च। कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष नागर ने बलात्कार मामले में फरार आरोपी का लोकेशन रायपुर मिलने पर टीम रायपुर भेजा गया। पुलिस टीम आरोपी को हिरासत में लेकर रायगढ़ आई, जिसे गुरूवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक धरमजयगढ़ थानाक्षेत्र में रहने वाली युवती 10 अक्टूबर 2019 को राहुल जायकार निवासी नेपाल के विरूद्ध शादी का प्रलोभन देकर रेप करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवती ने बताया कि रायगढ़ में काम करने के दौरान राहुल जायकार से जान परिचय हुआ था। राहुल अपने को नेपाल का रहने वाला बताया था जो रेल्वे स्टेशन के पास होटल में कैशियर का काम कर रहा था और होटल के पीछे ही सर्विस क्वाटर में रहता था। दोनों के बीच बातचीत प्रेम प्रसंग में बदल गई और राहुल युवती को शादी करूंगा कहकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। राहुल युवती को उसके कार्यस्थल लाने ले जाने के बहाने उसके क्वाटर आना जाना करता था। युवती उसे शादी करने को कहती तो टाल मटोल कर देता और इसी बीच वह काम छोडक़र चला गया, कुछ दिनों तक दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत हो रही थी फिर राहुल युवती का फोन रिसीव करना बंद कर दिया। युवती की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 376 दर्ज कर आरोपी के संबंध में पतासाजी किया गया। आरोपी राहुल जायकार के कुछ दिनों पूर्व रायपुर में आने की जानकारी मिलने पर कोतवाली की टीम रायपुर जाकर आरोपी को हिरासत में लेकर रायगढ़ लाई। आरोपी राहुल उर्फ अभिषेक जायकार उम्र 23 साल निवासी मगुराहा थाना गौनाहा पश्चिम पम्चारण (बिहार) का डाक्टरी मुलाहिजा कराकर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।