रायपुर
मास्क जांच में लगी महिलाओं से चर्चा
जय गोस्वाम
रायपुर, 26 मार्च। राजधानी रायपुर के अलग-अलग चौक-चौराहों पर मास्क जांच-कार्रवाई में लगी महिलाओं की रोज कई लोगों से बहस हो रही है। कई लोग उन पर गुस्सा भी दिखाकर भाग रहे हैं। ये महिलाएं कहती हैं कि उन्हें 5 हजार रुपये मेहताना मिलता है, और इसी से वे सभी अपना घर चलाती हैं। हालांकि यहां उन्हें संक्रमण का डर बना रहता है।
‘छत्तीसगढ़’ फोटोग्राफर ने शहर के अलग-अलग चौक पर तैनात निगम की महिला टीमों से चर्चा की। इस दौरान महिलाओं ने अपनी आप बीती सुनाते हुए बताया कि वे सभी सालभर पहले निगम की सफाई कर्मी थीं। डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन में उनकी ड्यूटी लग रही थी। अब उनकी ड्यूटी मास्क न पहनने वालों की जांच में लगी है। जांच के दौरान उन्हें कोरोना खतरा के साथ कई परेशानी भी उठानी पड़ रही है, लेकिन घर चलाने के लिए वे सभी हिम्मत जुटाकर काम पर लगी हैं।
तेलघानी नाका के पास मास्क चेकिंग कर रही महिलाओं ने बताया कि सुबह से मास्क चेकिंग में उन्हें कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पार्वती मिर्जा ने बताया कि सुबह 9 बजे से मास्क चेकिंग पर लग जाते हैं। मास्क न लगाए लोगों को रोकते हंै, तो कई लोग तो बदतमीजी करते हैं। जेब में मास्क रखे रहते है, लेकिन पहनना नहीं चाहते। कई तो गाली-गलौज कर भाग जाते हैं।
रायपुरा ओवरब्रिज के नीचे मास्क जांच में लगी महिलाओं ने बताया कि जो लोग मास्क नहीं पहने रहते हंै, उन्हें हम रोककर जुर्माना वसूल करते हैं, लेकिन कई लोग रोकने पर भी नहीं रूकते, गाड़ी हमारे ऊपर चढ़ाने की कोशिश करते हैं। हमारे साथ एक पुलिस की ड्यूटी रहती है, लेकिन लोग पुलिस को देखकर भी नहीं रूकते और आगे बढ़ जाते हैं।
मीना चंदेल बताती है कि मास्क जांच में जो भी महिलाएं लगी हैं, वे सभी पहले नगर निगम की डोर टू डोर कचरा गाड़ी में चलती थी और उसका चार्ज वसूली करती थीं, लेकिन अभी एक साल से वे सभी मास्क न पहनने वालों की जांच में लगी हैं। उन्हें महीने का 5 हजार रुपये मिलता है, जिससे वे सभी अपना घर चलाती हैं।
आमापारा चौक पास मास्क जांच में लगी महिलाएं कहती हैं-वे लोग जब किसी को रोकते हैं, तो कई लोग उन्हें गाली-गलौज कर भाग जाते हैं। लगातार जांच के बाद अब उन्हें भी समझ में आय गया है कि बतमीजी से बात करने वालों को कैसे जवाब देकर चुप करना है। हम लोग अगर घर में रहते, तो शायद इतना बात करने का साहस नहीं जुटा पाते, लेकिन अब ऐसा नहीं है।
तेलघानी नाका पास मास्क जांच में लगी दुर्गा नागपुरे कहती है कि हम लोग सभी स्व सहायता समूह चलाने वाली महिलाएं हैं। महीने-महीने में हमारे ग्रुप के लोग सौ रुपये जमा करते हैं तथा हमारी समूह की महिलाओं को जरूरत पडऩे पर उन्हें कम ब्याज 2 प्रतिशत में जरूरी काम के लिए गु्रप से पैसा देते हैं। मास्क जांच के दौरान रोज कई लोगों से बहस होती है। क्योंकि लोग रोकने पर भी नहीं रूकते हैं और गाली-गलौज पर उतर आते हैं।
बिना मास्क वाले एक व्यक्ति को रोका तो वह गुस्से में बेरीकेड्स को लात मारकर भाग निकला।