रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 मार्च। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के चुनाव में एकता पैनल और जय व्यापार पैनल के बीच कांटे की टक्कर है। बस्तर में जय व्यापार पैनल की स्थिति मजबूत है, तो बिलासपुर में एकता पैनल को बढ़त मिलने के आसार दिख रहे हैं। इससे परे रायपुर और दुर्ग में बराबरी का मुकाबला दिख रहा है।
चेम्बर में सालों तक एकता पैनल का वर्चस्व रहा है। एकता पैनल के कई बड़े नेताओं ने बागी होकर अलग पैनल बनाया, और चुनाव लड़े भी। मगर उन्हें कोई सफलता नहीं मिल पाई। इस बार भी एकता पैनल से अलग होकर चेम्बर के पूर्व अध्यक्ष अमर पारवानी, जय व्यापार पैनल के बैनर तले चुनाव लड़ रहे हैं, और उनका सीधा मुकाबला एकता पैनल से है। एकता पैनल से अध्यक्ष पद के लिए योगेश अग्रवाल चुनाव मैदान में हैं।
कोरोना की वजह से चुनाव स्थगित हुआ था, फिर प्रक्रिया शुरू हुई। हाल यह है कि दोनों ही पैनल के लोग पिछले कई महीनों से चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इस बार चुनाव प्रक्रिया अलग है, और जिलों में चुनाव हो रहे हैं। धमतरी में गुरूवार को मतदान होगा, रायपुर में 18 मार्च को वोट डाले जाएंगे। इस बार का मुकाबला पहले से अलग दिख रहा है। एकता पैनल को इस बार कांटे की टक्कर मिल रही है। अब तक के रूझान के मुताबिक कई जिलों में तो जय व्यापार पैनल की स्थिति मजबूत दिख रही है।
चेम्बर चुनाव में राजनीतिक दलों की भी रूचि है। एकता पैनल के अध्यक्ष प्रत्याशी योगेश अग्रवाल, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के छोटे भाई हैं। लिहाजा, भाजपा के बृजमोहन अग्रवाल से जुड़े नेता योगेश को जिताने के लिए मेहनत कर रहे हैं। एकता पैनल का चुनाव संचालन पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी कर रहे हैं। जय व्यापार पैनल के अध्यक्ष प्रत्याशी अमर पारवानी भी भाजपा से जुड़े हैं, लिहाजा भाजपा का एक खेमा उन्हें समर्थन कर रहा है। कांग्रेस के व्यापारी नेता, दोनों ही खेमों में बंटे हैं।
धमतरी में गुरूवार सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे। कांकेर जिले से कम वोटिंग के संकेत हैं। वजह यह है कि चारामा में गुरूवार को बाजार लगता है। चारामा में 130 वोट हैं। पहली नजर में बस्तर के जिलों में जय व्यापार पैनल की स्थिति थोड़ी बेहतर दिख रही है। धमतरी में बराबरी का मुकाबला है। दुर्ग और राजनांदगांव में अलग स्थिति दिख रही है। राजनांदगांव में एकता पैनल की स्थिति मजबूत है, तो दुर्ग-भिलाई में से विशेषकर भिलाई में जय व्यापार पैनल की स्थिति मजबूत दिख रही है।
महामंत्री और कोषाध्यक्ष पद के लिए तो क्रास वोटिंग के संकेत हैं। चर्चा है कि दुर्ग-भिलाई में एकता पैनल के महामंत्री उम्मीदवार राजेश वासवानी को अपेक्षाकृत कम वोट मिल सकते हैं। जबकि कुछ जगहों पर जहां योगेश की स्थिति थोड़ी कमजोर है, वहां जातिगत समीकरणों के चलते राजेश वासवानी मजबूत दिख रहे हैं। जय व्यापार पैनल के महामंत्री उम्मीदवार अजय भसीन को दुर्ग भिलाई के अलावा बस्तर में अच्छा समर्थन मिलता दिख रहा है। बिलासपुर संभाग में विशेषकर रायगढ़ में योगेश की स्थिति बेहतर है। मगर रायपुर जिला निर्णायक होगा, क्योंकि सबसे ज्यादा वोटर रायपुर में ही हैं। ऐसे में रायपुर का वोट निर्णायक होगा। यहां फिलहाल बराबरी का मुकाबला दिख रहा है।