रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 फरवरी। श्री जगद्गुरु शंकराचार्य आश्रम बोरियाकला में पंचमी महोत्सव पर डॉ. इन्दुभवानन्द महाराज के दीक्षा दिवस अवसर पर उन्हें सम्मानित किया गया। समारोह में महंत डां राम सुन्दर दास, कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल मुख्य रुप उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डॉ.इन्दुभवानन्द महाराज ने कहा परांबा भगवती सरस्वती ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी हैं। तीन तत्व सत रज और तम तत्वों में से सत्व गुण की अधिष्ठात्री भी हैं। इनकी अनेक नामों से पूजन होती है। सरस्वती मां को शारदा, सावित्री तथा वाणी के नाम से भी जाना जाता है। आज सरस्वती पूजन का विशेष दिन है। लेखनी में सरस्वती का निवास होता है अत: आज लेखनी का प्रयोग कर वर्ष पर्यंत इसका उपयोग करना चाहिए।
समारोह के अंत मे अतिथियों को लेखनी से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन ज्ञानेश शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आश्रम से जुड़े भक्त जन उपस्थित रहे।