रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परिसीमन को लेकर विपक्ष के आरोपों को उसकी चुनावी हार की हताशा का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा और एनडीए लगातार जनता का विश्वास अर्जित कर रहे हैं, जबकि चुनावों में बार-बार मिल रही पराजय से विपक्ष बौखलाया हुआ है। उसकी कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। देश की जनता अब उसके बहकावे में आने वाली नहीं है।
मुख्यमंत्री आज भारतीय जनता युवा मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति के शुभारंभ सत्र में शामिल होने के बाद पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्षों तक झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने वाले आज दूसरों पर सवाल उठा रहे हैं। विपक्ष के आरोपों में कोई दम नहीं है और जनता उसकी वास्तविकता समझ चुकी है।
मुख्यमंत्री ने पटवारी संघ की हड़ताल समाप्त करने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर विभिन्न मांगों पर चर्चा की थी। वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों के परीक्षण के लिए समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है। समिति में पटवारी संघ के प्रतिनिधि भी अपने सुझाव रख सकेंगे। समिति की अनुशंसाओं के आधार पर शासन आगे निर्णय लेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हड़ताल के दौरान कुछ पटवारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई पर भी सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। प्रदेश में धान खरीदी चल रही है और चक्रवात व अत्यधिक बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन भी किया जाना है। ऐसे में राजस्व अमले की सक्रियता जरूरी है। सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों के प्रति संवेदनशील है और संवाद के जरिए समस्याओं का समाधान करना चाहती है।
युवा मोर्चा को संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी
युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन की मजबूती और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में युवा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। दो दिवसीय कार्यसमिति में सात सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विशेषज्ञ विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि इन सत्रों में भाजपा की रीति-नीति, संगठन को मजबूत बनाने और केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर मंथन होगा। युवा मोर्चा के कंधों पर सरकार की उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की बड़ी जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि कार्यसमिति से युवा कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।