रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 नवंबर। स्टेट जीएसटी की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को निलंबित कर आयुक्त ने जगदलपुर कार्यालय अटैच किया है। इससे पहले एसीबी जगदलपुर ने अंचला को शनिवार को1.50 लाख की रिश्वत के साथ पकड़ा। इसी सिलसिले में यह कार्रवाई की गई है।
इस रिश्वत के लिए मध्यस्थ इमरान मेमन की भी संलिप्तता पायी गई ।शोएब रंगरेज, निवासी कांकेर ने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत की थी कि कांकेर में पदस्थ अंचला गिरी उसके वाहन को ई-वे बिल के संबंध में रोके जाने के पश्चात वाहन को रिलीज कराने एवं प्रकरण में राहत प्रदान करने के एवज में रिश्वत मांग रही हैं। आरोपी अधिकारी द्वारा उक्त कार्यवाही के निराकरण के लिए प्रार्थी से ?1.50 लाख तक की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत का सत्यापन कराए जाने पर रिश्वत की मांग संबंधी तथ्य सही पाए जाने पर आज शनिवार को एंटी करप्शन ब्यूरो, जगदलपुर की टीम ने ट्रैप किया। अंचला गिरी को उसके निवास पर 1,50,000/- (एक लाख पचास हजार रुपये) की रिश्वत राशि के साथ पकड़ा गया। यह रकम मध्यस्थ इमरान मेमन देने माध्यम से प्राप्त की गई थी। दोनों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम, 2018) की धारा 7 एवं 12 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।