रायपुर

मानव तस्करी और घरेलू हिंसा पर कार्यशाला
22-Nov-2026 8:34 PM
मानव तस्करी और घरेलू हिंसा पर कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा राष्ट्रीय महिला आयोग के सहयोग तथा रविशंकर  विश्वविद्यालय के सह-आयोजन में 23 नवंबर को ‘मानव तस्करी तथा महिलाओं का घरेलू हिंसा से संरक्षण’ विषय पर राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय सभागार में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होने वाले इस आयोजन में न्यायपालिका, पुलिस, महिला एवं बाल विकास, उच्च शिक्षा और स्वैच्छिक संस्थाओं से जुड़े करीब 500 प्रतिभागी शामिल होंगे।

कार्यशाला का शुभारंभ राज्यपाल  रमेन डेका करेंगे। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला और छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू सहित आयोग के सदस्य और अन्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का समापन मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की उपस्थिति में होगा।

कार्यशाला में मानव तस्करी और घरेलू हिंसा से जुड़े कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी। प्रतिभागियों को कानूनी प्रावधानों, पुलिस की भूमिका, जांच एवं कार्रवाई की प्रक्रिया तथा पीडि़त महिलाओं के संरक्षण और सहायता से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञों के साथ चर्चा के जरिए कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने और पीडि़त महिलाओं तक सहायता पहुंचाने के व्यावहारिक उपायों पर सुझाव भी लिए जाएंगे।


अन्य पोस्ट