रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 नवंबर। रेलवे स्टेशन परिसर में दो साल की बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर खुलासा हुआ है? पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है. वहीं, जमीन पर पटकने से बच्ची की मौत होने की बात सामने आई है। मामले में बच्ची के पिता पर जीआरपी हत्या का अपराध दर्ज कर रही है। दो दिन पहले 19 नवंबर को रेलवे स्टेशन रायपुर के फुटपाथ पर रहने वाली 25 वर्षीय महिला की करीब दो साल की बच्ची की तबीयत खराब होने पर उसे अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान दोपहर करीब 2 बजे बच्ची की मौत हो गई थी? शुरुआत में बच्ची की मौत सामान्य बीमारी से होना प्रतीत हो रहा था. उस समय परिजनों ने भी किसी तरह की आशंका जाहिर नहीं की थी। बाद में उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए जीआरपी थाने पहुंचकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से आवेदन लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शुक्रवार को बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।