रायपुर

रायपुर-वाइजैग सडक़ से दोनों राज्यों के बीच व परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति
22-Nov-2026 8:31 PM
रायपुर-वाइजैग सडक़ से दोनों राज्यों के बीच व परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति

सीएम साय 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-26 में हुए शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को राजधानी  के देवेन्द्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित दो दिवसीय 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने तेलुगु समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास और समृद्धि में तेलुगु समाज की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है। समाज के लोगों ने व्यापार, शिक्षा, उद्योग और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, परिश्रम तथा उद्यमशीलता से विशिष्ट पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज के बीच दशकों पुराना आत्मीय संबंध है। तेलुगु समाज ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए छत्तीसगढ़ को भी अपनी कर्मभूमि बनाया है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में आंध्रा एसोसिएशन की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की विशेष सराहना की। जो सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है।  भिलाई स्टील प्लांट जैसे प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान में भी तेलुगु समाज से जुड़े इंजीनियरों, प्रबंधकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच बेहतर सडक़ संपर्क दोनों राज्यों के विकास की नई संभावनाओं को साकार करेगा। भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर से विशाखापत्तनम तक विकसित किए जा रहे सडक़ मार्ग से आवागमन अधिक सुगम होगा।  इससे दोनों राज्यों के बीच आर्थिक संबंध और अधिक सुदृढ़ होंगे। सम्मेलन में आंध्र प्रदेश के बैरमपुर से आए रिंग डांस समूह, श्री बालाजी विद्या मंदिर के विद्यार्थियों तथा अन्य कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

इस अवसर पर विधायक  पुरंदर मिश्रा, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, रायपुर आंध्रा एसोसिएशन के अध्यक्ष  जी. स्वामी,  आर. सुब्बा राव,  श्रीनिवास पटनायक सहित  बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट