रायपुर

बूढ़ा तालाब के पास नाबालिग से छेड़छाड़ युवक को 3 साल जेल
20-Nov-2026 8:35 PM
बूढ़ा तालाब के पास नाबालिग से छेड़छाड़ युवक को 3 साल जेल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 नवम्बर। आठ पहले बूढ़ा तालाब गार्डन के पास नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ के मामले में फास्ट ट्रैक विशेष पॉक्सो न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए तीन साल की सजा सुनाई है। जज गिरीश कुमार मंडावी ने पॅाक्सो मामले में फैसला सुनाते हुए आरोपी इमरान हुसैन 20 , निवासी लाल खदान, बिलासपुर को दोषसिद्ध किया। साथ ही न्यायालय ने पीडि़ता को एक लाख रुपये प्रतिकर दिए जाने के निर्देश भी दिए हैं।

आरोपी से पीडि़ता की पहचान दो साल पहले जोरा स्थित एमएम फन सिटी वाटर पार्क में हुई थी। आरोपी इसके बाद से पीडि़ता पर गलत नजर रखता था। 31 दिसंबर 2025 को आरोपी उसके घर तक पहुंच गया था और जबरदस्ती बातचीत करने का दबाव बना रहा था। इस संबंध में पीडि़ता टिकरापारा थाने भी गई थी, लेकिन आरोपी की मां ने माफी मांगने और भविष्य में ऐसी हरकत नहीं होने का आश्वासन देने पर रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी। इसके बाद 8 फरवरी 2026 को शाम  5.30 बजे पीडि़़ता ऑटो से बूढ़ा तालाब गार्डन के रास्ते जा रही थी। जिसके बाद वह बूढ़ा तालाब के पास उतर गई। इसी दौरान शाम करीब 6 से 6.30 बजे के बीच आरोपी वहां पहुंचा और उसका हाथ पकडक़र उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। पीडि़ता ने विरोध करते हुए अपना हाथ छुड़ाया। मौके पर लोगों की भीड़ जुटते देख आरोपी वहां से भाग गया। जिसके बाद पीडि़ता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत अपराध दर्ज किया था। आरोपी को गिरफ्तार कर विवेचना पूरी करने के बाद न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया।

प्रकरण की सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक मोनिष बोस ने पैरवी की, जबकि आरोपी की ओर से अधिवक्ता भीमसिंह यादव उपस्थित हुए।

अभियोजन पक्ष के प्रस्तुत गवाहों और बयानों के आधार पर इमरान हुसैन को तीन साल कठोर कारावास की सजी दी। वहीं पीडि़ता को  धारा 396 एवं पीडि़त प्रतिकर योजना के तहत एक लाख रुपये प्रतिकर दिए जाने की अनुशंसा की।


अन्य पोस्ट