रायपुर

स्वर्णाभूषणों के मेकिंग चार्ज, शोषण के विरुद्ध कारीगरों ने मोर्चा खोला
20-Nov-2026 8:31 PM
स्वर्णाभूषणों के मेकिंग चार्ज, शोषण के विरुद्ध कारीगरों ने मोर्चा खोला

बड़े कारोबारी आपसी प्रतिस्पर्धा पर रोक लगाएं - बराल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 नवंबर। स्वर्ण आभूषणों के मेकिंग चार्ज में अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं  शोषण के विरुद्ध कारीगरों ने मोर्चा खोल दिया है। रायपुर गोल्ड स्मिथ एसोसिएशन के अध्यक्ष महादेब बराल ने एक बयान में कहा कि

आभूषण निर्माण के क्षेत्र में लगातार बढ़ रही अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उसके कारण कारीगरों एवं छोटे मैन्युफैक्चरर्स पर आर्थिक दबाव  बढ़ रहा है। कुछ चुनिंदा आर्थिक रूप से प्रभावशाली लोग कम मेकिंग चार्ज के नाम पर बाजार पर अपना वर्चस्व स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। इसके कारण वर्षों से मेहनत और हुनर के दम पर अपना परिवार चलाने वाले छोटे मैन्युफैक्चरर्स एवं कारीगरों का अस्तित्व संकट में आ गया है।

बराल ने कहा कि एक कारीगर 18 से 20 घंटे तक एक स्थान पर बैठकर अत्यंत बारीकी, धैर्य और सुंदरता के साथ सोने के आभूषण तैयार करता है। लेकिन आज उसकी मेहनत और हुनर का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। बड़े स्तर पर काम का केंद्रीकरण होने से छोटे व्यापारियों और उनके साथ जुड़े परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है। उन्होंने अपनी प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि कारीगरों को  सम्मानजनक मजदूरी मिलनी चाहिए। मेकिंग चार्ज के नाम पर बाजार में चल रही अनुचित मूल्य प्रतिस्पर्धा बंद होनी चाहिए। छोटे मैन्युफैक्चरर्स का संरक्षण दिया जाए।  सोने की शुद्धता, ऑर्डर और निर्माण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता नहीं होनी चाहिए। ऐसी शिकायतों से ग्राहकों का विश्वास प्रभावित होता है और ग्राहक ठगी का शिकार होते हैं।

बराल ने  रायपुर ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के सभी राज्यों के मैन्युफैक्चरर्स और स्वर्णकार कारीगर एक मंच पर आकर और अपने अधिकारों के लिए एकजुट हों।यदि आपसी बातचीत और समझाइश से इस समस्या का समाधान नहीं निकलता है, तो हम पूरे भारत के लगभग 20 से 30 लाख कारीगरों एवं मैन्युफैक्चरर्स को एकजुट करने का प्रयास करेंगे। आवश्यकता पडऩे पर देशव्यापी आंदोलन और हड़ताल जैसे लोकतांत्रिक कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।


अन्य पोस्ट