रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 नवंबर। पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने संत रविदास वार्ड, सरोना में निर्माणाधीन 100 बिस्तरीय अस्पताल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही रायपुरा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा भी की।
सरोना में लगभग 18 करोड़ की लागत से बन रहे अस्पताल में सामान्य चिकित्सा, प्रसूति एवं शिशु रोग, सर्जरी, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, एक्स-रे, पैथोलॉजी, ओपीडी तथा भर्ती मरीजों के लिए बिस्तर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। अस्पताल के पूर्ण होने पर सरोना सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
श्री मूणत ने निर्माण कार्य की प्रगति, निर्धारित समयसीमा एवं गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। मूणत ने रायपुरा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों पर नागरिकों से भी चर्चा कर क्षेत्र की आवश्यकताओं और विकास कार्यों से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की।