रायपुर
रायपुर, 17 नवंबर। छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढिय़ा समाज के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी और धमकी भरे शब्दों के इस्तेमाल के मामले में छत्तीसगढिय़ा क्रांति सेना ने आरोपी मधुबाला गिरी की गिरफ्तारी की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को विधानसभा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो का हवाला देते हुए कहा गया है कि इसमें मधुबाला गिरी ने छत्तीसगढिय़ा समाज के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। साथ ही धमकी भरी भाषा का भी प्रयोग किया गया है। इससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन के अनुसार, संबंधित महिला के रायपुर से फरार होने की जानकारी भी सामने आई है।
क्रांति सेना ने पुलिस से वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कर आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठन ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, स्वाभिमान और छत्तीसगढिय़ा समाज के सम्मान के साथ अपमानजनक व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।