रायपुर

रायपुर में 6 दिसंबर को साहू युवक-युवती परिचय सम्मेलन
18-Nov-2026 8:05 PM
रायपुर में 6 दिसंबर को साहू युवक-युवती परिचय सम्मेलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 नवंबर। राजधानी रायपुर में साहू समाज का भव्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन 6 दिसंबर  को संतोषी नगर स्थित मां कर्मा धाम में आयोजित किया जाएगा।  सम्मेलन में पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अधिक संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।

सम्मेलन को लेकर शहर जिला साहू संघ ने पंजीयन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 नवंबर कर दी है। संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष दिलीप साहू ने प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू,  ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. नीरेन्द्र साहू सहित प्रदेश साहू संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान पदाधिकारी अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विवाह योग्य युवक-युवतियों की परिचय पत्रिका ‘मोर संगवारी’ का विमोचन होगा। इस पत्रिका में पंजीकृत प्रतिभागियों का परिचय प्रकाशित किया जाएगा और इसे उन्हें वितरित भी किया जाएगा। इस वर्ष सम्मेलन में एक विशेष पहल करते हुए युवक-युवतियों और उनके परिजनों के बीच आपसी संवाद एवं काउंसिलिंग के लिए अलग से बैठक व्यवस्था की गई है। इससे परिवारों को एक-दूसरे को समझने और भावी रिश्तों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा।

आयोजन के लिए शहर जिला साहू संघ के सभी पदाधिकारी, 10 परिक्षेत्रों एवं 70 वार्डों के अध्यक्ष-पदाधिकारी, सामाजिक पार्षद, एल्डरमेन और समाज के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।


अन्य पोस्ट