रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 18 नवंबर। भारतीय शास्त्रीय कलाओं के प्रचार-प्रसार और उभरते कलाकारों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से श्री विराग कला संस्था द्वारा श्री विराग डांस अकादमी के माध्यम से 12 नवंबर को राजिम में प्रथम श्री विराग कला बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत गायक किशन देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस आयोजन में अनुभवी कलाकारों, युवा प्रतिभाओं और कला प्रेमियों ने भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की प्रस्तुतियों के माध्यम से कला और संस्कृति की समृद्ध परंपरा को प्रस्तुत किया।
संगीत खंड में सुप्रिया जैन एवं रश्मि जैन ने राग यमन में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। सुप्रिया जैन ने राग भूपाली में एकल गायन किया, जबकि आरोही जैन ने इसी राग में ख्याल प्रस्तुत किया। हार्दिक गंगवाल ने राग केदार में मध्यलय ख्याल और दादरा की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।
नृत्य प्रस्तुतियों में अवनी जैन, सान्वी जैन एवं तान्या जैन ने राग नट्टई में पुष्पांजलि दी, वहीं वान्या कसलीवाल ने मिश्र चापू ताल में पदम प्रस्तुत किया। भरतनाट्यम कलाकार, कोरियोग्राफर एवं गुरु नैनिका कसलीवाल ने भजन ठुमक चलत रामचंद्र पर भावपूर्ण अभिनय और तिल्लाना के माध्यम से नृत्य की भावाभिव्यक्ति एवं तकनीकी पक्ष का सुंदर प्रदर्शन किया।
उल्लेखनीय है कि नैनिका कसलीवाल द्वारा स्थापित श्री विराग डांस अकादमी का उद्देश्य विद्यार्थियों को शास्त्रीय नृत्य का व्यवस्थित प्रशिक्षण देने के साथ मंचीय अनुभव और प्रतिभा प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए कला बैठक की शुरुआत की गई है, ताकि कलाकारों और विद्यार्थियों को सीखने, संवाद करने एवं अपनी कला प्रस्तुत करने का साझा मंच मिल सके।
प्रथम श्री विराग कला बैठक भारतीय शास्त्रीय कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन तथा नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुई।