रायपुर

दो सूने मकानों से 72 हजार के जेवर, नकदी सहित सिलेंडर पार
17-Nov-2026 6:21 PM
दो सूने मकानों से 72 हजार के जेवर, नकदी सहित सिलेंडर पार

रायपुर, 17 नवम्बर। राजधानी में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों ने दो सूने मकानों को निशाना बना वहां से नकदी, चांदी के जेवर, गैस सिलेंडर और मोबाइल फोन पार कर दिए। दोनों मामलों में करीब 72 हजार रुपये की संपत्ति चोरी होने की शिकायत पुलिस से की गई है।

इसमें पहली घटना संतोषी नगर स्थित ग्रामीण बैंक के पास शिव मंदिर के निकट की है। यहां रहने वाले मुकेश कुमार 16 नवंबर की सुबह  4 बजे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर छठ पूजा करने नरैय्या तालाब, सिद्धार्थ चौक चले थे। सुबह करीब 8 बजे वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला और आलमारी का लॉकर टूटा था। जांच करने पर चांदी की पायल, हाथकोश, ब्रेसलेट और करीब 50 हजार रुपये नकद गायब मिले। चोरी गए सामान की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। अज्ञात चोर छत के रास्ते घर घुसा और चोरी की घटना को अंजाम दिया है।

वहीं देवपुरी निवासी कौशल्या के मकान को चोरों ने निशाना बनाया। वह रामकृष्ण अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करती हैं। 5 नवंबर को सुबह 9 बजे घर में ताला लगाकर काम पर गई थीं। शाम 6 बजे वापस लौटीं तो दरवाजे की कुंडी टूटी हुई थी और घर का सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी की जांच करने पर एक भरा हुआ एचपी गैस सिलेंडर और रियलमी कंपनी का मोबाइल गायब मिला। चोरी गए सामान की कीमत 12 हजार रुपये बताई गई है। आसपास तलाश करने के बाद भी सामान नहीं मिला। तब उसने शाम टिकरापारा थाना जाकर घर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। आसपास पूछताछ कर चोरी गए सामान और चोरों की पतासाजी की जा रही है।


अन्य पोस्ट