रायपुर
तेलघानीनाका, कबीर चौक और आमानाका में होगा व्यवस्थापन
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 16 नवंबर। शहर में सड़क किनारे कारोबार करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थित करने के लिए नगर निगम जोन 7 में तीन स्थानों पर वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे। इनमें तेलघानीनाका अंडरब्रिज, कबीर चौक सर्विस रोड और आमानाका अंडरब्रिज शामिल हैं। इन तीनों स्थानों पर करीब 100 से 120 स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवस्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा एक पिंक वेंडिंग जोन विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया है।
इस संबंध में जोन कमिश्नर एवं जोन वेंडिंग समिति की अध्यक्ष डॉ. तृप्ति पाणीग्रही की अध्यक्षता में समिति की बैठक हुई। बैठक में एमआईसी सदस्य दीपक जायसवाल, भोलाराम साहू, पार्षद मीना ठाकुर, आनंद अग्रवाल सहित निगम के अधिकारी मौजूद थे। समिति ने निगम की भूमि पर चिह्नित तीनों स्थानों का सर्वे कराने के बाद वेंडिंग जोन विकसित करने का निर्णय लिया।
बैठक में तय किया गया कि स्ट्रीट वेंडर्स को नए स्थानों पर व्यवस्थापित करने के बाद उनके पुराने स्थानों को नो वेंडिंग जोन घोषित किया जाएगा। इससे सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित करने और यातायात व्यवस्था सुधारने में मदद मिलेगी।