रायपुर
बड़ी मात्रा में स्टॉक जब्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 नवंबर। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सोमवार को गोलबाजार स्थित रहमानिया चौक के पास ओम कॉस्मेटिक्स में छापेमारी की। इस दौरान दुकान से पाकिस्तान निर्मित बताई जा रही ‘गोरी’ ब्रांड की क्रीम बड़ी मात्रा में जब्त की गई।
विभाग की टीम ने प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री के मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया गया कि केंद्र सरकार ने चेहरे का रंग गोरा करने का दावा करने वाली ‘गोरी’ क्रीम की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है। पाकिस्तान में निर्मित इस क्रीम में पारे (मरकरी) की मात्रा अधिक होने की आशंका बताई जाती है। इसके इस्तेमाल से स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं। अधिक मात्रा में पारे के संपर्क से तंत्रिका तंत्र प्रभावित होने और पैरालिसिस तक का खतरा हो सकता है।
इसके बावजूद राजधानी में इस क्रीम की बिक्री किए जाने की सूचना पर औषधि विभाग की टीम ने कार्रवाई की। जब्त क्रीम की मात्रा और आगे की वैधानिक कार्रवाई पर विभागीय प्रक्रिया जारी है।