रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 नवम्बर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ( पूर्व व्यापमं) ने वर्ष 2027 के लिए राज्य में होने वाली कई बड़ी भर्ती परीक्षाओं और शैक्षणिक प्रवेश परीक्षाओं की तारीखों में फेरबदल किया है। अगले साल ऐसी 11 परीक्षाएं होंगी। नई समय सारिणी 96 पेज के पीडीएफ में जारी की गई है।
संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के सबसे बड़े बदलावों में से एक आरक्षक भर्ती परीक्षा से जुड़ा है। सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत आने वाली समूह-4 आरक्षक भर्ती परीक्षा अब तय समय से नौ महीने पहले आयोजित की जाएगी। पहले इस परीक्षा का आयोजन दिसंबर 2027 में प्रस्तावित था, लेकिन नए संशोधनों के बाद अब यह परीक्षा मार्च और अप्रैल माह में ही करा ली जाएगी। इस बदलाव होने के कारण परीक्षा कैलेंडर में खाली हुई उस आरक्षित तिथि का भी नया उपयोग तय किया गया है। अब उस विशेष तिथि पर राज्य में बहुप्रतीक्षित शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
भर्ती परीक्षाओं के अलावा विभिन्न पेशेवर और शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली कुल 11 प्रवेश परीक्षाओं की तिथियों में भी व्यापक फेरबदल किया गया है। मंडल के मुताबिक, ये सभी बदलाव प्रशासनिक और विद्यार्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर किए गए हैं।
इस संशोधित कैलेंडर में 15 जून तक आयोजित होने वाली 11 प्रवेश परीक्षाओं में से नौ परीक्षाओं के दिन बदल दिए गए हैं। पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ये परीक्षाएं रविवार को होनी थीं, लेकिन अब इन्हें रविवार के स्थान पर गुरुवार के दिन आयोजित किया जाएगा। शेष बची दो प्रवेश परीक्षाएं हालांकि रविवार को ही होंगी, परंतु उनकी तारीखों में भी संशोधन किया गया है।
कर्मचारी चयन मंडल के संयुक्त परीक्षा नियंत्रक केदार पटेल ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि अमूमन राष्ट्रीय स्तर की अधिकांश प्रवेश परीक्षाएं रविवार के दिन ही आयोजित की जाती हैं। ऐसे में यदि राज्य और राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं एक ही दिन पड़ जाएं, तो विद्यार्थियों के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो जाती है। इसी समस्या के समाधान के लिए 15 जून तक की प्रवेश परीक्षाएं गुरुवार को रखने का निर्णय लिया गया है।सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा यह स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि वर्ष 2027 के अंत में आयोजित होने वाली परीक्षाओं को यथासंभव समय से पहले और सुचारू रूप से पूरा कराया जाए।
शासन के इन्हीं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए कर्मचारी चयन मंडल ने यह संशोधित कैलेंडर तैयार किया है। परीक्षार्थी व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरा नया शेड्यूल देख सकते हैं।