रायपुर
रायपुर, 14 नवम्बर। देवेंद्रनगर इलाके में शरारतीय तत्वों ने घर के सामने रखी एक बाइक को आग के हवाले कर दिया। आधी रात हुए इस घटना में एक बुलेट बाइक पूरी तरह जल गया। घटना त्रिमूर्ति नगर की बताई जा रही है। आगजनी में करीब डेढ़ लाख कीमत की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 326 एफ का अपराध दर्ज किया है।
त्रिमूर्ति नगर टिंबर मार्केट निवासी हिमेश ने बताया कि वह नमस्ते चौक देवेंद्रनगर में चाइनीज फूड का क्लाउड किचन ठेला चलाता है। उसके मामा किशन कुमार बाघ के नाम पर बुलेट 350 मोटरसाइकिल है।
हिमेश ने बताया कि 12 नवंबर को रोजाना की तरह काम से लौटकर शाम अपनी बुलेट घर के बाजू में नानकू दीप के मकान के सामने खड़ी कर दी थी। इसके बाद वह घर के अंदर चला गया और खाना खाने के बाद अपने कमरे में टीवी देखने लगा। रात 12.30 बजे उसके पिता संजय सोनी घर पहुंचे। परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। देर रात पड़ोस में रहने वाली माया खान ने जोर-जोर से आवाज लगाई। आवाज सुनकर हिमेश के परिवार वाले घर से बाहर निकले तो देखा कि उनकी बुलेट बाइक में आग लगी हुई है।
आसपास के लोगों की मदद से पानी डालकर आग बुझाई गई। बुलेट की कीमत 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर मोटरसाइकिल में आग लगाकर नुकसान पहुंचाया है।