रायपुर

टोनही प्रताडऩा, भनपुरी में युवक का सिर फोड़ा, पुरानी बस्ती में मां-बेटी से मारपीट
14-Nov-2026 6:40 PM
टोनही प्रताडऩा, भनपुरी में युवक का सिर फोड़ा, पुरानी बस्ती में मां-बेटी से मारपीट

तीन थानों में मामला दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 नवम्बर। राजधानी में मारपीट, धमकी और विवाद की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। इनमें गुढियारी की एक महिला को टोनही कहकर प्रताडि़़त करने और चाकू से डराने का आरोप लगा है। वहीं भनपुरी में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर युवक पर रॉड से हमला किया गया। इधर पुरानी बस्ती में बेटे के साथ हुई मारपीट के बाद सुलह कराने गई मां के साथ भी मारपीट की गई। तीनों मामलों में पीडि़तों की शिकायत पर पुलिस ने मारपीट सहित अन्य धाराओं का अपराध दर्ज किया है।

गुढिय़ारी निवासी सोनबती ने पड़ोस में रहने वाली लता देवांगन, उसके पति राकेश देवांगन, गीता देवांगन और उमेश देवांगन उर्फ गोलू पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया है। सोनबती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरूवार की सुबह वह घर के बाहर ब्रश कर रही थी। इसी दौरान लता देवांगन वहां पहुंची और उसे टोनही कह बेटी पर जादू-टोना करने का आरोप लगाकर गाली-गलौज करने लगी। इसके बाद उसका पति राकेश भी वहां पहुंचा और दोनों ने सोनबती को खींचकर अपने घर की ओर ले जाने लगे और केले के पेड़ से मारपीट की। इसी बीच गीता और उमेश भी वहां पहुंच गए। चारों ने एक राय होकर उसके साथ मारपीट की। चाकू दिखा कर जान से मारने की धमकी दी।

दूसरी घटना खमतराई के भनपुरी स्थित सेंधवार तालाब के पास की है। प्रकाश दास ने बताया कि कल शाम वह बाजार के पास बैठा था। तभी तोरण चंद्राकर अपने एक साथी के साथ पहुंचा और शराब पीने के लिए 2 हजार रुपये मांगे। प्रकाश ने 200 रुपये दिए तो आरोपियों ने कम रकम देने की बात पर विवाद शुरू कर दिया। दोनों ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। विवाद के बिच उस पर लोहे की रॉड से हमला किया गया।

इधर अग्रसेन कॉलेज के पास गोपेश्वर नाथ मंदिर के पास रहने वाली ज्योति ने बताया कि 12 की देर शाम सुमित उसके बेटे हर्ष सोनी को बुलाकर अग्रसेन कॉलेज के पास ले गया। जहां उसके साथ मारपीट की गई। वहां सुमित मिश्रा, सन्नी यदु और पप्पू ठाकुर ने गाली-गलौज करते हुए ज्योति और उसकी बेटी के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट में ज्योति के बाएं पैर और माथे पर चोट आई। आरोपियों ने मां और बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस तीनों मामलों में शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट