रायपुर

गांजा, एमडीएमए के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार
14-Nov-2026 6:39 PM
गांजा, एमडीएमए के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार

आमानाका, पुरानी बस्ती और तेलीबांधा पुलिस की कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 नवम्बर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा और एमडीएमए के साथ पांच आरोपियों को पकड़ा है। इनमें आमानाका पुलिस ने दो को गांजा के साथ, पुरानी बस्ती में एमडीएमए ड्रग्स के साथ एक और तेलीबांधा पुलिस ने दो आरोपियों के कब्जे से 1.873 किलो गांजा बरामद किया है। तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि सरोना रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर जेपी गार्डन के पास दो लोग बाइक पर गांजा रखकर बिक्री करने ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर राधाकांत राणा 56, निवासी टिटलागढ़, जिला बलांगीर, ओडिशा और परमानंद साहू 40, निवासी पोहंदा, जिला दुर्ग को पकड़ा। तलाशी में उनके कब्जे से 2 किलो 522 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत 20.500 हजार बताई गई है।

दूसरी कार्रवाई पुरानी बस्ती इलाके के पहाड़ी तालाब कुशालपुर में की गई। जहां एक युवक नशीला पाउडर रखकर उसे बेचने की फिराक में था। पुलिस ने रितिक मोदी 26, निवासी इमलीडीह को पकड़ा। प्लास्टिक की पुडि़य़ा में 2.65 ग्राम एमडीएमए नशीला पाउडर बरामद किया गया। जब्त पाउडर की कीमत करीब 27 हजार रुपये बताई गई है।

पूछताछ में रितिक ने पुलिस को बताया कि उसे नशीला पाउडर सन्नी मनवानी ने उपलब्ध कराया था। जिसे आरती सोनी निवासी भिलाई-दुर्ग से खरीदकर लाया गया था। पुलिस ने इस मामले में रितिक मोदी के साथ सन्नी मनवानी और आरती सोनी को भी आरोपी बनाया है। इनके खिलाफ धारा 22(ख) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

तीसरी कार्रवाई तेलीबांधा रिंग रोड नंबर-1 स्थित मुक्तिधाम के पास की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति गांजा बेचने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने गणेश राम पटेल 55 और शेरा कुल्हरिया 30, निवासी सुभाष नगर देवारपारा को पकड़ा। तलाशी में 1 किलो 873 ग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।


अन्य पोस्ट